जशपुर में जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, 6 लोग घायल, बलौदाबाजार में भी जानलेवा हमला

Fight in Jashpur: जशपुर के बगीचा थाना क्षेत्र में जमीन कब्जे को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें करीब 6 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। जानकारी के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच कई सालों से जमीन को लेकर तनाव बना हुआ था, जो फिर भड़क उठा और देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में 4 साल के मासूम के साथ क्रूरता, मां ने गोद लिए बेटे को पीटा
घटना के बाद दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और बलवा सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। बगीचा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं। वहीं बलौदाबाजार के कुम्हारी गांव में पुराने पारिवारिक विवाद के चलते दो भाइयों पर लोहे की गैती और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। (Fight in Jashpur)
2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी और उसके भाई पर यह हमला देर शाम हुआ। मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित, आहत और ग्रामीणों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में चिंतामणि केंवट (34) और दुवारा केंवट (55) शामिल है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि हमला हत्या की नीयत से किया गया था। पूरी घटना बलौदाबाजार जिले के थाना गिधौरी क्षेत्र की है। (Fight in Jashpur)



