Google Analytics —— Meta Pixel

Manipur Flood: मणिपुर में बाढ़ से भयावह हालात, 24 हजार मकान क्षतिग्रस्त, खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं नदियां

Manipur Flood: मणिपुर और असम में चक्रवात रेमल के बाद लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मणिपुर में बाढ़ के कारण 188143 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 24265 घरों को नुकसान पहुंचा है। 29 मई को राज्य में आई बाढ़ के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए, जबकि एक लापता है। वहीं, असम में बाढ़ की स्थिति गुरुवार को और खराब हो गई, नौ जिलों में 1.98 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए। बारिश के कारण प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने से हैलाकांडी जिले में एक व्यक्ति की डूबकर मौत हो गई, जिससे राज्य में मंगलवार से बाढ़ और बारिश के कारण मरने वालों की संख्या छह हो गई है, जबकि 18 अन्य घायल हो गए हैं।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में BJP सरकार बनने के बाद 122 नक्सली ढेर: डिप्टी CM विजय शर्मा

मणिपुर के जल संसाधन और राहत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री अवांगबौ न्यूमई ने बताया कि बाढ़ से कुल मिलाकर 18,103 लोगों को निकाला गया है और 56 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने और राहत, खोज और बचाव कार्यों पर तत्काल कार्रवाई की रणनीति बनाने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव, इम्फाल पश्चिम और पूर्व के उपायुक्त, राहत और आपदा प्रबंधन निदेशालय के साथ एक संक्षिप्त बैठक की। उन्होंने कहा, लगभग 401 हेक्टेयर फसल भी प्रभावित हुई है। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, नोनी, चुरांचनपुर, सेनापति और काकचिंग में राहत सामग्री वितरित की गई है।

असम के 9 जिलों में लाखों लोग प्रभावित
असम में बाढ़ (Manipur Flood) से 9 जिलों में 1.98 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं. एजेंसी के मुताबिक चक्रवात रेमल के बाद लगातार बारिश की वजह से प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने से एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक हैलाकांडी जिले में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. इसके साथ ही राज्य में मंगलवार से जारी बाढ़ और बारिश की वजह से मरने वालों की तादाद 6 हो गई है, जबकि 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की रिपोर्ट के मुताबिक, नागांव, करीमगंज, हैलाकांडी, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, कछार, होजाई, गोलाघाट, कार्बी आंगलोंग और दीमा हसाओ जिलों में कुल मिलाकर 1,98,856 लोग प्रभावित हुए हैं.

बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में कछार शामिल है, जहां 1,02,246 लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं. इसके बाद करीमगंज में 36,959, होजई में 22,058 और हैलाकांडी में 14,308 लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक कुल 3,238.8 हेक्टेयर फसल इलाका भी पानी में बह गया है, जबकि 2,34,535 जानवर प्रभावित हुए हैं.

खतरे के निशान से ऊपर नदियां
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रभावित जिलों में कई जगहों पर ब्रह्मपुत्र और बराक नदियां तथा उनकी सहायक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. कुल 35,640 लोगों ने 110 राहत शिविरों में शरण ली है, जिनमें सबसे ज्यादा 19,646 लोग होजाई में, उसके बाद 12,110 लोग कछार में, 2,060 लोग हैलाकांडी में तथा 1,613 लोग करीमगंज में हैं.

नागांव और कामपुर बरपानी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और इसने सिलदुबी से अमदुबी सड़क और रमानीपाथर में एक लकड़ी के पुल को नुकसान पहुंचाया है. पामली जरानी इलाके में एक स्कूल में जल भराव हो गया है.

गोलाघाट जिले में धनसिरी नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं. सोनितपुर जिले में ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियां लगातार बढ़ रही हैं और कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. गुवाहाटी शहर में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है. (Manipur Flood)

Back to top button
error: Content is protected !!