Google Analytics —— Meta Pixel

फूड इंस्पेक्टर सस्पेंड, अफसर का मोबाइल निकालने बहाया 21 लाख लीटर पानी

पंप लगाकर तीन दिनों तक खाली करवाया डैम, डेढ़ हजार एकड़ खेत की हो सकती थी सिंचाई

कांकेर। कलेक्टर ने फूड इंस्पेक्टर को सस्पेंड  (food inspector suspended) कर दिया है. जारी आदेश में लिखा है कि खाद्य निरीक्षक राजेश विश्वास द्वारा लापरवाही पूर्वक परलकोट जलाशय में उनका मोबाईल पानी में गिर जाने के कारण, मोबाईल ढूंढने के लिए दिनॉक 21 मई, 2023 से लगातार 04 दिनों तक परलकोट जलाशय के वेस्ट वियर से स्केल वाय के बीच लगभग 21 लाख लीटर पानी डीजल पंप के द्वारा बहा दिया गया. आदेशनुसार कलेक्टर ने 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।

बहाया 21 लाख लीटर पानी

बता दे कि कोयलीबेड़ा ब्लॉक में पोस्टेड फूड इंस्पेक्टर राजेश विश्वास रविवार 21 मई को दोस्तों के साथ बांध गए थे। पार्टी करने के दौरान लापरवाही के चलते स्केल वाय के पास अधिकारी का डेढ़ लाख रुपए का मोबाइल पानी में जा गिरा। अगले दिन सुबह आसपास के ग्रामीणों और गोताखोरों ने मोबाइल ने ढूंढा। सोमवार की दोपहर राशन दुकानों के सेल्समैन को भी फोन ढूंढने के काम में लगा दिया गया। मोबाइल का कुछ पता नहीं चला, तो पंप लेकर पहुंच गए। (food inspector suspended)

यह भी पढ़े :- ज्ञानवापी केस को लेकर वाराणसी कोर्ट का बड़ा फैसला, एक साथ सुने जाएंगे 8 मामले

बात फैली तब सिंचाई अफसर के कान खड़े हुए और मौके पर जाकर पंप को बंद करवाया। हालांकि तब तक गुरुवार को साहब का फोन तो मिल गया, जो काम नहीं कर रहा था।

धोखे में रखकर पानी बहाया गया- SDO

इस मामले में जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी आरसी धीवर का कहना है कि नियमानुसार 5 फीट तक पानी को खाली करने का परमिशन मौखिक तौर पर दी गई थी, लेकिन 10 फीट से ज्यादा पानी निकाल दिया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को पंप चालू किया, जो गुरुवार तक चौबीस घंटे तक चला। स्केल वायर में 10 फीट पानी भरा था, जो 4 फीट पर आ गया।

शिकायत पर सिंचाई अफसर मौके पर पहुंचे और पानी निकालना बंद करवाया, लेकिन तब तक स्केल वाय से 6 फीट पानी निकल चुका था। यह तकरीबन 21 लाख लीटर होता है। सिंचाई विभाग के एसडीओ आरसी धीवर का कहना है कि उन्हें धोखे में रखकर इतना पानी बहाया गया।

फोन में थी विभागीय जानकारी- फूड इंस्पेक्टर

फूड इंस्पेक्टर राजेश विश्वास ने स्वीकार किया कि फोन में विभागीय जानकारी थी, इसलिए यह कदम उठाया, लेकिन पानी में रहने के कारण उनका फोन बंद हो गया है। वहीं मोबाइल ठीक करने वालों ने बताया कि इतने दिन तक यह वॉटर प्रूफ नहीं रह सकता।

इस घटना के बाद भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने निशाना साधा है। ट्‌वीट कर उन्होंने लिखा है कि ‘खाद्य निरीक्षक साहब को बांध खाली करवाने के लिए धन्यवाद, उनका महंगा मोबाइल (रहस्यमयी) मिल गया। 30 HP का पंप चलाने में बहुत खर्च आया है। इसलिए फूड इंस्पेक्टर को मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता देने का कष्ट करें।’

भीषण गर्मी में पानी के लिए मवेशियों को भी होगी दिक्कत

स्केल वाय में गर्मी में भी 10 फीट से अधिक पानी रहता है। यहां आसपास के जानवर भी आते हैं। पानी खाली होने से नाराज ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन तक मवेशियों को भी पानी नहीं मिलेगा। (food inspector suspended)

Back to top button
error: Content is protected !!