जेसीबी दिलाने के नाम पर 20 लाख की ठगी, फर्जी एग्रीमेंट और बैंक कर्मचारी बनकर जालसाजी

Fraud in Name of JCB: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में ठगी का मामला सामने आया है, जहां जेसीबी मशीन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोपियों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर न सिर्फ पीड़ित को झांसे में लिया, बल्कि फर्जी एग्रीमेंट और जाली हस्ताक्षरों के सहारे बड़ी रकम हड़प ली। मामले की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शहडोल के शहनवाज खान को सस्ती दर पर जेसीबी मशीन दिलाने का लालच दिया गया। इस दौरान आरोपी बाबा खान और भरत गुप्ता ने उनसे संपर्क कर दावा किया कि एक जेसीबी मशीन (पंजीयन क्रमांक CG 22 BY 6984) बैंक ने जब्त की है, जिसे कम कीमत पर बेचा जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- 26 जनवरी को बिलासपुर में तिरंगा फहराएंगे CM साय, जानिए किस नेता को मिली कहां जिम्मेदारी
आरोपियों ने खुद को हिंदुजा फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए पीड़ित का विश्वास जीतने की कोशिश की। आरोपियों ने शहनवाज खान को सेंदरी क्षेत्र में ले जाकर जेसीबी मशीन का निरीक्षण भी कराया और बताया कि वाहन के मूल मालिक कुमार राज देवांगन ने उन्हें जेसीबी बेचने के लिए अधिकृत किया है। उनकी बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने कुल 24 लाख 51 हजार रुपए में सौदा तय किया। इसके बाद शहनवाज खान ने आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से किश्तों में करीब 20 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे और एनओसी देने से बचने लगे। कुछ समय बाद आरोपियों ने पीड़ित के फोन कॉल भी उठाने बंद कर दिए। (Fraud in Name of JCB)
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
शक होने पर जब पीड़ित ने जेसीबी के वास्तविक मालिक कुमार राज देवांगन से संपर्क किया तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मूल वाहन स्वामी ने बताया कि उसने जेसीबी किसी भरत गुप्ता को नहीं बेची है और एग्रीमेंट पर किए गए हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी हैं। ठगी का शिकार होने का एहसास होते ही पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और बैंक लेन-देन समेत दस्तावेजों की जांच की जा रही है।सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (Fraud in Name of JCB)



