दादी उम्र में दुल्हन! 35 साल के युवक से लव मैरिज, प्रेमी की सरेआम पिटाई, पढ़े पूरी खबर
बांका (यूपी)। उम्र की सारी दीवारें तोड़कर एक 60 वर्षीय महिला ने 35 साल के युवक से प्यार और शादी का फैसला किया, लेकिन यह मोहब्बत अमरपुर बस स्टैंड पर उस वक्त तमाशे में बदल गई, जब परिजनों ने युवक की सरेआम पिटाई कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़े :- इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी, अब तक 23 लोगों की गई जान, 13 मरीज ICU में भर्ती
बस स्टैंड बना अखाड़ा, युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
मामला बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र का है। रविवार को जैसे ही महिला और उसका प्रेमी अमरपुर बस स्टैंड पहुंचे, किसी ने परिजनों को सूचना दे दी। कुछ ही देर में महिला के पति और पुत्र मौके पर पहुंच गए और युवक पर टूट पड़े। बीच सड़क युवक को पीटा गया, जिससे बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई।
महिला ने सरेआम सुनाई प्रेम कहानी
हंगामे के बीच महिला ने खुलेआम अपने रिश्ते का खुलासा कर दिया। महिला के अनुसार, करीब चार महीने पहले उसकी बातचीत फोन के जरिए ग्राम धोबरी, थाना नारायणपुर, जिला आरा निवासी युवक वकील मिश्रा से शुरू हुई थी। बातचीत दोस्ती में बदली और फिर प्यार में।
भागलपुर से लुधियाना तक इश्क़ की कहानी
महिला ने बताया कि दोनों पहले भागलपुर रेलवे स्टेशन पर मिले और वहां से साथ में लुधियाना चले गए। लुधियाना पहुंचने के बाद दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली और पति-पत्नी की तरह रहने लगे।
जरूरी काम बना बवाल की वजह
रविवार को दोनों किसी जरूरी काम से अमरपुर पहुंचे थे, लेकिन यहीं उनकी मौजूदगी की भनक परिजनों को लग गई। इसके बाद जो हुआ, वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। पिटाई से युवक की हालत बिगड़ गई, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर बचाया।
पुलिस अभिरक्षा में प्रेमी जोड़ा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अमरपुर थाना ले जाया गया। अमरपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि प्रेमी जोड़े को फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इलाके में चर्चा, सोशल मीडिया पर बहस
इस अनोखे प्रेम और सरेआम हंगामे की घटना पूरे अमरपुर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। कोई इसे प्यार की जीत बता रहा है, तो कोई इसे सामाजिक मर्यादाओं से जोड़कर देख रहा है।



