कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर, हादसे में 7 लोगों की मौके पर मौत, पढ़ें पूरी खबर

Gujarat Road Accident: गुजरात के साबरकांठा में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां हिम्मतनगर हाईवे पर एक कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी लोग अहमदाबाद के रहने वाले थे, जो शामलाजी से अहमदाबाद जा रहे थे। इसी दौरान कार की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शव कार में ही फंसे गए, जिन्हें निकालने के लिए कार की बॉडी को गैस कटर से काटना पड़ा।
यह भी पढ़ें:- India’s weapons : चार वर्षों में भारत से हथियार खरीदने वाला सबसे बड़ा देश बना आर्मेनिया
भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है।भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग भी सबसे बड़े कारणों में से एक है, जिसका योगदान लगभग छह प्रतिशत है। (Gujarat Road Accident)
सड़क सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन बड़ा कारण
नशे में गाड़ी चलाना और गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल दो अन्य बड़े कारण हैं, जो भारत में चार प्रतिशत से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में हिस्सेदार हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक बुनियादी सड़क सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के कारण भी पिछले साल भारत में लगभग 70 हजार लोग मारे गए। सभी बैठने वालों के लिए अनिवार्य सीटबेल्ट नियम लागू करने के बावजूद 2022 में इसे न पहनने के कारण लगभग 17 हजार लोगों की जान चली गई। वहीं हेलमेट न पहनने के कारण 50 हजार से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों की भी मौत हो गई। इनमें से आधे से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर हुई हैं। (Gujarat Road Accident)



