तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी ऑटो को रौंदा, एक ही परिवार 5 लोगों समेत 8 की मौत

Damoh Road Accident: मध्यप्रदेश के दमोह में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां बांदकपुर रोड पर एक ट्रक ने आगे चल रहे सवारी ऑटो को टक्कर मार दिया, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जबलपुर के अस्पताल में जारी है। जानकारी के मुताबिक ऑटो में 10 लोग सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर और SP श्रुतकीर्ति सोमवंशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायलों को अस्पताल भेजा।
यह भी पढ़ें:- कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर, हादसे में 7 लोगों की मौके पर मौत, पढ़ें पूरी खबर
दरअसल, हादसा बहुत भीषण था, जिसकी वजह से ऑटो ट्रक में फंस गया था, जिसमें सवार लोगों को निकालने के लिए JCB मंगानी पड़ी। 8 मृतकों में 5 एक ही परिवार के लोग शामिल हैं। वहीं ऑटो ड्राइवर की भी मौत हो गई है। SP श्रुतकीर्ति सोमवंशी के मुताबिक ट्रक ड्राइवर नशे की हालत में था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसा नशे के कारण हुआ है। आरोपी ड्राइवर नीरज सिंह लोधी (उम्र 22 साल) छतरपुर के बक्सवाहा का रहने वाला था, जो नशे की हालत में दमोह से ट्रक लेकर बांदकपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। नशे होने की वजह से उसके बयान नहीं हो पाए हैं। (Damoh Road Accident)
CM मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान
SP सोमवंशी ने बताया कि ड्राइवर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रक मालिक की भूमिका की भी जांच की जाएगी। लापरवाही मिलने पर ट्रक मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे। हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोग गुप्ता परिवार के हैं। सभी लोग दमोह के शोभा नगर के रहने वाले थे, जो बांदकपुर दर्शन करने जा रहे थे। मृतकों में राकेश गुप्ता, साक्षी गुप्ता, शिवा गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, हीरालाल गुप्ता, गायत्री गुप्ता, आलोक गुप्ता और गीता गुप्ता शामिल हैं। CM मोहन यादव ने हादसे को लेकर दुख जताया है। साथ ही मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। CM मोहन ने कहा कि हादसे में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Damoh Road Accident)



