
Heat Wave in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। होली के दिन राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रायपुर और बिलासपुर में भी लू जैसे हालात रहे। दोनों जगहों पर तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों में दिन के तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। 14 मार्च को छत्तीसगढ़ में सबसे कम रात का तापमान 14.4 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं 16 मार्च को दुर्ग, खैरागढ़-छुईखदान, राजनांदगांव, रायपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में 16 साल के नाबालिग की हत्या, लव-ट्रायंगल बनी मौत की वजह
मार्च महीने में ही गर्म हवाएं तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में अलग-अलग जिलों में गर्म हवाएं चलेंगी, जिसे देखते हुए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 13 जिलों में गर्म हवाओं का प्रभाव रहेगा, जिसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल है, जहां तेज गर्मी पड़ेगी। कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जो 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग में ज्यादा गर्मी
बता दें कि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आसमान साफ होने से धूप सीधे जमीन पर पड़ रही है। इस कारण दिन में गर्मी बढ़ गई है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आस-पास रहने के आसार है। 14 मार्च को रायपुर में पारा 39.8 डिग्री रहा। यह नॉर्मल तापमान से 5.1 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान भी 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 3.7 डिग्री ज्यादा है। बिलासपुर में 14 मार्च को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो नॉर्मल से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा।
गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दिन का पारा 38.3 डिग्री रहा, जो औसत से 6.3डिग्री अधिक था। वहीं रात का तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा था। सरगुजा संभाग के जिलों में भी दिन का तापमान ज्यादा है। 14 मार्च को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 5.3 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। जगदलपुर में रात और दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा, जो औसत से 3.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो नॉर्मल टेंपरेचर से 2.2 डिग्री ज्यादा था। अचानक तापमान बढ़ने की वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।