हिमाचल प्रदेश के 68 सीटों के लिए मतदान जारी, 8 दिसंबर को होगा किस्मत का फैसला

Himachal Pradesh Election 2022: हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है, वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू हुई है, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। पूरे हिमाचल से 412 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं प्रदेश के करीब 56 लाख मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। इसके बाद सबकी नजरें 8 दिसंबर पर टिकी होंगी, जिस दिन नतीजे आएंगे। हिमाचल प्रदेश में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय है। पहले मुख्य मुकाबला बीजेपी-कांग्रेस के बीच होता था, लेकिन अब आम आदमी पार्टी भी दोनों को टक्कर देने के लिए चुनावी मैदान में है।

यह भी पढ़ें:- शिव महापुराण कथा सुनने उमड़ी लोगों की भीड़, पंडाल के बाहर सड़कों पर लगा जाम

वोटिंग को लेकर चुनाव आयोग ने पुख्ता तैयारियां कीं। राज्य में 55 लाख से ज्यादा वोटर्स हैं। ये मतदाता 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता जयराम ठाकुर और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह की साख भी दांव पर लगी हुई है। हिमाचल के 7881 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। शहरी क्षेत्रों में जिनमें 646 और ग्रामीण इलाकों में 7235 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। हर पोलिंग बूथ पर 4 कर्मचारी तैनात रहेंगे। हर पोलिंग बूथ पर 7 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। (Himachal Pradesh Election 2022)

PM मोदी ने की वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बूथ पर जाकर वोटरों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हिमाचल प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान का दिन है। देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं। (Himachal Pradesh Election 2022)

सुनहरे कल के लिए मतदान कर सशक्त सरकार चुनें: अमित शाह

हिमाचल में वोटिंग से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही हिमाचल प्रदेश को विकास में अग्रणी रख देवभूमि की जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। हिमाचल के सभी मतदाताओं विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि प्रदेश के सुनहरे कल के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर एक सशक्त सरकार चुने। (Himachal Pradesh Election 2022)

अनुराग ठाकुर ने की वोट डालने की अपील

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की जनता से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया पहले मतदान, फिर कोई काम। देवभूमि हिमाचल की जनता प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य के लिए आज मतदान करने जा रही है। सुशासन युक्त, भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही हिमाचल को प्रगति पथ पर अनवरत आगे ले जायेगी। बढ़चढ़ कर लोकतंत्र के उत्सव के भागीदार बनें, औरों को भी प्रेरित करें, सही चुनें। (Himachal Pradesh Election 2022)

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की वोटरों से अपील

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वोटरों से मतदान केंद्र पहुंचकर बढ़चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘पहले मतदान फिर जलपान। प्रिय प्रदेशवासियों आज मतदान का दिन है। हिमाचल के सभी मतदाताओं से मेरा विनम्र आग्रह है कि पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें। भारी संख्या में मतदान करें, आपका एक मत समृद्ध हिमाचल का निर्माण करेगा।’

हालातों को बदलने मतदान करें: प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं। अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। (Himachal Pradesh Election 2022)

Related Articles

Back to top button