Google Analytics —— Meta Pixel

गृहमंत्री शर्मा ने आरक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से की मुलाकात, कहा- प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए शासन पूरी तरह प्रतिबद्ध

Home Minister Vijay Sharma: डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने सिविल लाइन रायपुर स्थित अपने निज निवास में आरक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से सीधे संवाद किया। वे ठीक सुबह 10 बजे भर्ती प्रक्रिया के प्रमुख एडीजी एसपीआर कल्लूरी और आईजी बद्री नारायण मीना के साथ अभ्यर्थियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनी। डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से संपादित की गई है। शासन भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें:- साय सरकार के दो साल पूरे होने पर जांजगीर में भव्य कार्यक्रम आज, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा होंगे शामिल

उन्होंने अभ्यर्थियों के साथ जमीन पर बैठकर एक-एक कर सभी मांगों और समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की।उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की मांग पर प्राप्तांक तत्काल सार्वजनिक किए गए और सभी परिणाम पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया में पूरी तरह खुली प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित की गई है और चयन पूरी तरह प्रावीण्यता सूची के आधार पर किया जा रहा है। डिप्टी CM ने स्पष्ट किया कि जहां भी तथ्यों के आधार पर गड़बड़ी सामने आई, वहां तत्काल कार्रवाई की गई। एक भर्ती केंद्र में शारीरिक परीक्षा को लेकर उठी शंकाओं पर उन्होंने स्वयं सभी दस्तावेज मंगाकर प्रकरणों की गहन जांच कराई, जिसमें किसी भी अभ्यर्थी के चयन में कोई त्रुटि नहीं पाई गई। इसकी जानकारी उन्होंने सार्वजनिक रूप से अभ्यर्थियों को दी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन युवाओं की भलाई के लिए प्रतीक्षा सूची को जल्द क्लियर करने का प्रयास करेगा और प्रथम वेटिंग लिस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मार्गदर्शन लिया जाएगा। पीएचक्यू आईडी के कारण कुछ अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर में आए अंतर की समस्या पर भी विचार कर समाधान का भरोसा दिलाया गया। भूतपूर्व सैनिकों की ओर से आयु सीमा में छूट की मांग पर डिप्टी CM ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर हर संभव निराकरण करने का आश्वासन दिया। वहीं बस्तर संभाग में स्थानीय युवाओं के चयन की मांग पर उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्णय के अनुसार क्षेत्रीय आरक्षण संभव नहीं था, लेकिन आगामी बस्तर फाइटर भर्ती के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अवसर प्रदान किए जाएंगे।

इस दौरान गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सभी भर्ती केंद्रों के अधिकारी अपने-अपने केंद्रों की विस्तृत जानकारी के साथ उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों की शंकाओं का मौके पर ही दस्तावेजों के आधार पर निराकरण किया गया। यह भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान का एक ऐतिहासिक प्रयास रहा। पहले चरण में 12 से 14 दिसंबर तक जिलों के पुलिस अधीक्षकों की ओर से शिकायतों का निराकरण किया गया, इसके बाद 19 और 20 दिसंबर को पुलिस मुख्यालय रायपुर में एडीजी एसआरपी एसपी कल्लूरी ने खुला मंच उपलब्ध कराया।

21 दिसंबर को शर्मा ने स्वयं अपने निवास पर अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनी। यह पहली बार है जब किसी मंत्री ने अपने निवास पर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया, जो अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हो सके, उनके लिए संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से संपर्क की व्यवस्था भी की गई। डिप्टी CM ने सभी युवाओं को आश्वस्त किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, यह शासन और विभाग द्वारा पूरी गंभीरता से सुनिश्चित किया गया है। (Home Minister Vijay Sharma)

Back to top button
error: Content is protected !!