साय सरकार के दो साल पूरे होने पर जांजगीर में भव्य कार्यक्रम आज, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा होंगे शामिल

JP Nadda Chhattisgarh Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो साल पूरा होने पर 22 दिसंबर यानी आज जांजगीर में जनादेश परब का आयोजन किया जा रहा है। जनादेश परब में जनता-जनार्दन के समक्ष छत्तीसगढ़ सरकार की दो साल की उपलब्धियों और राज्य के एकीकृत विकास के लिए लिए गए फैसलों की जानकारी दी जाएगी। जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- ऑपरेशन साइबर शील्ड: ठगी का डिजिटल जाल ध्वस्त, म्यूल बैंक अकाउंट नेटवर्क पर एक साथ रेड, 25 आरोपी गिरफ्तार
जनादेश परब के अवसर पर जांजगीर के पुलिस लाइन में आयोजित की जा रही विशाल आमसभा को केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस मौके पर लोक कलाकार, पद्मश्री और विधायक अनुज शर्मा समेत कई कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर पिछले दो सालों के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।
सभी मंत्री होंगे शामिल
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा, महिला और बाल विकास, जल संसाधन, मत्स्य पालन और सहकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी CM अरुण साव, विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल होंगी।
राज्य के समग्र विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संस्कृति और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े और विधायक ब्यास कश्यप भी शामिल होंगे। जनादेश परब में सरकार के दो सालों की निरंतर सेवा और निरंतर विकास की झलक विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए आकर्षक प्रदर्शनी में देखने को मिलेगी। प्रदर्शनी में पीएम सूर्यघर योजना और योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी।
इनकी देखने को मिलेगी झलक
इसी तरह किसान सम्मान निधि, हितग्राही मूलक योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, जिससे किसान सीधे लाभ और प्रक्रियाओं को समझ सकें। डिजिटल और नवाचारी शिक्षा, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास और पीएम और विद्या जैसी योजनाओं के माध्यम से स्मार्ट स्कूल-सशक्त छात्र-उज्ज्वल भविष्य” की अवधारणा गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा की झलक देखने को मिलेगी।
धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया
प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, महतारी वंदन, सुपोषण अभियान और बाल कल्याण योजनाओं, सिंचाई योजनाओं और जल प्रबंधन, मत्स्य उत्पादन, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को समझाने के लिए एक मॉडल देखने को मिलेगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।



