Google Analytics —— Meta Pixel

विपक्ष में बैठेंगे INDIA गठबंधन के सांसद, बैठक में लिया गया फैसला

INDIA Alliance Meeting: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर इंडिया गठबंधन की बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, राघव चड्ढा, शरद पवार, डी राजा, संजय राउत, अखिलेश यादव, चंपई सोरेन, सुप्रिया सुले समेत INDIA गठबंधन के नेता शामिल हैं। इस दौरान आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि हमारी बैठक में गठबंधन पार्टी के नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालत और परिस्थिति पर बहुत से सुझाव दिए और चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें:- अंधे कत्ल के मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुख्ता सबूत, आजीवन कारावास कायम

उन्होंने कहा कि बैठक में निष्कर्ष यह निकला कि हम सब मिलकर एक साथ यह कहना चाहते हैं कि  INDIA गठबंधन के घटक हमारे गठबंधन को मिले भारी समर्थन के लिए भारत की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। जनता के जनादेश ने भाजपा और उसकी नफरत, भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। यह जनादेश भारत के संविधान की रक्षा और महंगाई, बेरोजगारी, क्रोनी पूंजीवाद के खिलाफ और लोकतंत्र को बचाने के लिए है। INDIA गठबंधन मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा। (INDIA Alliance Meeting)

2024 का चुनाव मोदी के खिलाफ है: खड़गे

खड़गे ने कहा कि हम भाजपा सरकार द्वारा शासित न होने की जनता की इच्छा को पूरा करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे। हमारा यह निर्णय है कि हमने जनता से जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे। INDIA गठबंधन की बैठक में खड़गे ने कहा कि हम एक साथ लड़े, तालमेल से लड़े और पूरी ताकत से लड़े। आप सबको बधाई। 18वीं लोकसभा चुनाव का जनमत सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ है। चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने भाजपा को बहुमत ना देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ संदेश दिया है।

व्यक्तिगत रूप से मोदी की हार: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से मोदी के लिए यह ना सिर्फ राजनीतिक शिकस्त है, बल्कि नैतिक हार भी है, लेकिन हम सब उनकी आदतों से वाकिफ हैं। वो इस जनमत को नकारने की हर संभव कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि हम भाजपा सरकार के विपरीत जनाकांक्षा को साकार करने के लिए सही समय पर उचित कदम उठाएंगे। CPI के महासचिव डी. राजा ने INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा कि हमने वर्तमान स्थिति पर चर्चा की, मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में पारित वक्तव्य पढ़ा। (INDIA Alliance Meeting)

जनादेश तानाशाही के खिलाफ मिला: राउत

शिवसेना(UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि बैठक में INDIA गठबंधन के सभी घटक दल के सदस्य उपस्थित थे। हमारी एकजुटता जो चुनाव के पहले थी वही आज भी है। हमें जो जनादेश मिला है वह तानाशाही करने वालों के खिलाफ मिला है। हमें जब मौका मिलेगा तब हम लोगों की इस सरकार को बदलने की जो इच्छा है उसके लिए कदम उठाएंगे। NDA की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को सर्वसम्मति से नेता चुने जाने पर उन्होंने कहा कि यह सर्वसम्मति कब तक बनी रहती है, यह आने वाले वक्त में पता चलेगा। (INDIA Alliance Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!