Google Analytics —— Meta Pixel

अंबिकापुर में पीलिया का कहर, 2 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा बीमार, कई वार्डों में फैला पीलिया

Jaundice in Ambikapur: सरगुजा जिले के अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस बीच नमनाकला खटिकपारा में 13 साल के दिव्यांश राय की मौत हो गई। इससे पहले 22 फरवरी को झंझटपारा नवापारा के रहने वाले 40 साल के सोना लाल की भी पीलिया के चलते मौत हुई थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते 10 दिनों में शहर के नवागढ़, मोमिनपुर समेत कई वार्डों में पीलिया के करीब 60 मरीज सामने आ चुके हैं। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य अमला सैंपलिंग और जांच में जुटा है।

यह भी पढ़ें:- गाजा सीजफायर का श्रेय, ईरान पर 32 हजार हत्याओं का आरोप, डोनाल्ड ट्रम्प का संसद में आक्रामक संबोधन

नमनाकला खटिकपारा का दिव्यांश राय निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। 19 फरवरी से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीलिया की पुष्टि होने के बाद स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर्स ने उसे रायपुर रेफर किया। परिजन रायपुर नहीं ले जा सके और मिशन अस्पताल में इलाज शुरू किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर मंगलवार को दूसरे निजी अस्पताल ले जाते समय दिव्यांश की मौत हो गई। CMHO पीएस मार्को ने बताया कि जिन क्षेत्रों में मौत हुई है, वहां स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। साथ ही निगरानी भी बढ़ा दी गई है। (Jaundice in Ambikapur)

नवागढ़ और मोमिनपुर में 60 मरीज

शहर के नवागढ़ और मोमिनपुर क्षेत्र में पीलिया के करीब 60 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इलाके के पेयजल की जांच कराई, जिसमें कुछ सैंपलों में ई-कोलाई बैक्टीरिया खतरनाक स्तर पर पाया गया। मंगलवार को इलाके का निरीक्षण करने पहुंची महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि शहर में गंदगी और दूषित पानी के कारण लोग प्रभावित हो रहे हैं और इस पर निगम अमला तुरंत कदम उठा रहा है। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में अमृत मिशन योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का वादा किया गया था। योजना के तहत 48 वार्डों में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए 106 करोड़ से ज्यादा की लागत से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया। हालांकि आज भी कई वार्डों में पानी सप्लाई में दिक्कतें हैं। 

अमृत मिशन योजना का दावा खोखला !

अयान मार्ग और आयरन मार्ग समेत कई इलाकों में गंदा पानी सप्लाई होने से 40 से ज्यादा बच्चे, युवा और बुजुर्ग पीलिया के शिकार हो चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी पीएस मार्को ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर सप्लाई पानी की जांच और सुधार की मांग की है। पीएस मार्को ने कहा कि पीलिया का समय रहते इलाज न किया गया तो गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में अमृत मिशन योजना का दावा खोखला साबित हो रहा है। दूषित पानी की सप्लाई से बच्चे और बुजुर्ग पीलिया का शिकार हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग शुरू कर दी है और प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!