केजरीवाल आज मुख्यमंत्री पद से देंगे इस्तीफा, 11:30 बजे होगी AAP विधायक दल की बैठक, नए CM के नाम पर लगेगी मुहर
PAC में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हुई, LG से मिलकर इस्तीफा देंगे केजरीवाल
Arvind Kejriwal Resignation : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। नए मुख्यमंत्री का नाम भी आज तय हो जाएगा। आम आदमी पार्टी ने इसकी पुष्टि करते हुए सोमवार को बताया कि केजरीवाल ने एलजी वी.के. सक्सेना से मिलने का समय मांगा था।
एलजी ने उन्हें आज मंगलवार शाम 4:30 बजे का समय दिया है। एलजी ऑफिस में होने वाली इस मीटिंग में केजरीवाल एलजी को अपना इस्तीफा (Arvind Kejriwal Resignation) सौंप देंगे। उनकी जगह दिल्ली का नया सीएम कौन बनेगा, इसके बारे में भी वह एलजी को जानकारी दे सकते है। संभावना है कि सीएम पद का दावेदार भी उन्हीं के साथ एलजी ऑफिस जाकर अपनी दावेदारी पेश करे, ताकि जैसे ही एलजी और राष्ट्रपति केजरीवाल का इस्तीफा स्वीकार करें, वैसे ही नए सीएम और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य भी जल्द से जल्द शपथ ग्रहण करके काम शुरू सकें।
11:30 बजे से शुरू हो जाएगा काउंटडाउन
पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया कि शाम को इस्तीफा (Arvind Kejriwal Resignation) देने से पहले सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार सुबह 11:30 बजे अपने आवास पर आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक भी बुलाई है। इसी बैठक में नए सीएम के नाम पर चर्चा होगी। ऐसी संभावना है कि विधायकों के साथ चर्चा के बाद मनीष सिसोदिया या खुद अरविंद केजरीवाल बैठक में नए सीएम के नाम का प्रस्ताव पेश करेंगे। फिर सभी विधायक उस पर मुहर लगाएंगे।
कहा जा रहा है कि नए सीएम के रूप में कोई चौंकाने वाला नाम भी सामने आ सकता है। इससे पहले सोमवार की सुबह नए सीएम के नाम और आगे की चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए मनीष सिसोदिया अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे। इस दौरान कुछ अन्य नेता भी वहां मौजूद थे। कहा जा रहा है कि नए सीएम के नाम पर केजरीवाल ने सिसोदिया से भी राय जानी। इस्तीफे के ऐलान के बाद अब आगे पार्टी इस फैसले को किस तरीके से अपने पक्ष में भुना सकती है, इसको लेकर भी बातचीत हुई।



