खड़गे ने CM योगी पर बोला हमला, कहा- ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं तो राजनीति से बाहर हो जाएं

Kharge on CM Yogi: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाराष्ट्र के मुंबई में ‘संविधान बचाओ, जनतंत्र बचाओ सम्मेलन’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संविधान हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। हम हर कीमत पर संविधान की रक्षा करेंगे। खड़गे ने कहा कि कई नेता साधु के वेश में रहते हैं और अब राजनेता बन गए हैं, मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। वे ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं और उनके सिर पर बाल नहीं हैं। मैं भाजपा से कहूंगा कि या तो सफेद कपड़े पहनें या अगर आप संन्यासी हैं या ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं तो राजनीति से बाहर हो जाएं। एक तरफ आप ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं और दूसरी तरफ आप कहते हैं ‘बंटोगे तो कटोगे’…वे लोगों के बीच नफरत फैला रहे हैं और उन्हें बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-वन अधिकारियों और पशु चिकित्सकों ने बचाई विलुप्त प्रजाति के बीमार गिद्ध की जान, पढ़ें पूरी खबर
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी 400 पार का नाम लेकर लोगों को डराते थे, लेकिन अब खुद की सरकार अल्पमत में है। इसीलिए कभी भी अहंकार नहीं करना चाहिए। पुराने समय में सरकार का मुखिया विपक्ष के नेताओं से मिलता था, बातचीत करता था, लेकिन आज तो नरेंद्र मोदी विपक्षी नेताओं को छोड़िए, प्रेस के लोगों से भी नहीं मिलते। विचार-विमर्श से बहुत सी चीजे सुलझ जाती हैं और यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। जब बांग्लादेश बना, तब अटल बिहारी बाजपेयी जी ने इंदिरा जी की तारीफ की थी। ऐसे ही पंडित नेहरू जी और बाजपेयी जी भी एक-दूसरे की तारीफ करते थे। ये कहने का मेरा मकसद है कि अगर संविधान का पालन नहीं होगा, हम सब मिलकर देश को आगे नहीं ले गए तो चीजें बिगड़ जाएंगी। BJP आज-कल नए-नए नारे दे रही है। मैं बस पूछना चाहता हूं कि क्या देश में खतरा है? अगर देश को खतरा है तो वो BJP-RSS से है। क्योंकि यही लोग सुबह से शाम तक बांटने-काटने की बात कहते हैं। (Kharge on CM Yogi)

कोई महिला RSS चीफ नहीं बनी: खड़गे
उन्होंने कहा कि हमने तो हमेशा देश को एक रखने की कोशिश की। देश को एक रखने के लिए ही इंदिरा गांधी जी शहीद हो गईं। नरेंद्र मोदी जहां सरकार नहीं बना पाते हैं, वहां नेताओं के पीछे ED, CBI जैसी जांच एजेंसियों को लगाते हैं। नेताओं पर तरह-तरह के आरोप लगाते हैं और जेल में डालते हैं, लेकिन आप कब तक लोगों को जांच एजेंसियों के नाम पर डराएंगे, कितने लोगों को जेल में डालेंगे। जब तक हम एक हैं, संविधान की रक्षा करते रहेंगे। BJP लोगों को धर्म के नाम पर बांटती है। ये लोग महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, लेकिन कोई महिला RSS चीफ नहीं बनी। ये लोग महिलाओं को वोटिंग का हक नहीं देना चाहते थे, लेकिन हमने संविधान में समान अधिकार देकर भेदभाव को मिटाया। इसलिए आप चुनावों में अपने वोट का सही इस्तेमाल करें, ताकि देश और संविधान को मजबूती मिले। (Kharge on CM Yogi)




