दरिमा का महामाया एयरपोर्ट ऊंची उड़ान के लिए तैयार, हवाई नक्शे से जुड़ा अंबिकापुर, पढ़ें पूरी खबर

Mahamaya Airport in Ambikapur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अंबिकापुर में स्थित दरिमा के मां महामाया एयरपोर्ट का वाराणसी से रिमोट दबाकर वर्चुअल शुभारंभ किया। वे शाम 5 बजे से बनारस से लाइव जुड़े थे। इस अवसर पर PM मोदी ने कहा कि पहले देश में 70 एयरपोर्ट थे। अब 150 से ज्यादा एयरपोर्ट हैं, जो पुराने एयरपोर्ट हैं, उनका भी रिनोवेशन हो रहा है। PM मोदी ने कहा कि कनेक्टिविटी से स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यवसाय, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा दस सालों में निवेश से नागरिक सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है। अधोसंरचना विकास के साथ नवजवानों को नए नौकरी के अवसर भी मिले हैं। इस अवसर पर एयरपोर्ट स्थल से सांकेतिक रूप से 19 सीटर विमान ने रायपुर के लिए उड़ान भरी।
यह भी पढ़ें:- Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला,अंधाधुंध फायरिंग में 7 की मौत, भड़के अमित शाह बोले – दहशतगर्दों को बख्शा नहीं जाएगा
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि मां महामाया एयरपोर्ट से विमान अपनी गति प्राप्त करेगा और उड़ान भरेगा, जिससे सरगुजा संभाग में विकास के नए आयाम खुलेंगे। एयरपोर्ट के माध्यम से इस क्षेत्र के नागरिकों और उद्योगपतियों के लिए एक बेहतर संचार सिस्टम स्थापित होगा। बस्तर के बाद सरगुजा प्रदेश का दूसरा बड़ा आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। एयरपोर्ट सेवा से यहां के अंचल का विकास होगा। उन्होंने आगे कहा कि यह उड़ान छत्तीसगढ़ को नई दिशा की ओर ले जाएगी। सरगुजा प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में विकास की एक नई उड़ान तय करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन, देश में बेहतर विमानन सेवा की स्थापना करना है और देश के सभी हिस्सों को इससे जोड़ना है। (Mahamaya Airport in Ambikapur)

बरसों का सपना अब साकार: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि क्षेत्रवासियों का बरसों का सपना अब साकार हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश मे हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज का सफर करेगा। यह सपना साकार हो रहा है। हवाई सेवा के नक्शे में अंबिकापुर को शामिल करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा आमजन के हवाई जहाज से सफर करने का सपना साकार हुआ है, जिससे उनका आर्थिक दर्जा भी बढ़ेगा। मां महामाया एयरपोर्ट ना सिर्फ राज्य की राजधानी को बल्कि अन्य राज्य को जोड़ने का कार्य भी करेगी। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर के बाद अंबिकापुर में हवाई सेवा का शुभारंभ हुआ। आम नागरिक भी उड़ान के अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। (Mahamaya Airport in Ambikapur)

एयरपोर्ट से कनेक्टीविटी की सुविधा में विस्तार: साव
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से कनेक्टीविटी की सुविधा में विस्तार होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार में क्षेत्र के स्थानीय लोगों और व्यापरियों को लाभ होगा। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि उड़ान योजना के तहत देश के 100 एयरपोर्ट को चिह्नित कर देशवासियों के आवश्यकता अनुरूप अंबिकापुर को भी इसमें शामिल किया गया, जिससे सरगुजा संभाग के क्षेत्रवासियों रोजगार को मिलेगा और क्षेत्र के पर्यटन में विकास होगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कई सालों के बाद यह अवसर आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर को एयरपोर्ट की सौगात प्राप्त हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेगी। साथ ही आर्थिक विकास की रफ्तार में तेजी आएगी। (Mahamaya Airport in Ambikapur)
मां महामाया एयरपोर्ट बनकर तैयार
सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि आराध्य देवी मां महामाया के नाम से एयरपोर्ट को जाना जाएगा। जल्द ही यहां से हवाई सेवा की शुरुआत होगी। शासन के सार्थक प्रयास से क्षेत्र को हवाई सेवा की सौगात मिली है। यहां से विमान सेवा शुरू होगी, जिससे निःसंदेह यहां के क्षेत्रवासियों को लाभ होगा। मां महामाया एयरपोर्ट लगभग 365 एकड़ में फैला हुआ है। टर्मिनल भवन का उन्नयन 72 यात्रियों के अनुरूप कराया गया। हवाई अड्डे में लगभग 100 वाहन की पार्किंग की व्यवस्था के साथ टर्मिनल भवन तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया गया। एयरपोर्ट में उच्च गुणवत्ता एटीसी, मेट ऑफिस, एंटी हाइजैक रूम, फायर स्टोर एंड ट्रेनिंग सेंटर जीडी इलेक्ट्रिक पेनल रूम का निर्माण किया गया है। सरगुजा संभाग में एयरपोर्ट के संचालन से अंचलवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। हवाई सेवा शुरू होने से संभाग की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही यहां के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा और स्थानीय लोगों को रोजगार का पर्याप्त अवसर मिलेगा। मां महामाया एयरपोर्ट बनकर तैयार है, जहां से जल्द ही नागरिक उड़ान का आनंद ले पाएंगे। (Mahamaya Airport in Ambikapur)



