Indian Air Force Show: एयर शो के दौरान चेन्नई में बड़ा हादसा, हीटस्ट्रोक से 5 लोगों की मौत, 200 से ज्यादा बेहोश
Indian Air Force Show: चेन्नई के मरीना एयर फील्ड में हुए एयर शो के दौरान हुए हादसे के बाद तमिलनाडु सरकार और स्थानीय प्रशासन सवालों के घेरे में आ गया है। दरअसल, एयर शो के दौरान दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 200 से ज्यादा लोगों की गर्मी के चलते तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दावा यह भी किया गया कि एक व्यक्ति की मौत हीट स्ट्रोक के चलते हुई। इस बीच अन्नाद्रमुक नेता कोवई सत्यन ने तमिलनाडु की स्टालिन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंपें स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम के इस्तीफे की मांग की और घटना को द्रमुक सरकार का कुप्रबंधन करार दिया।
अस्पतालों में भर्ती कराया गया
असल में घटना तब हुई जब अचानक से लोग डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए. फिलहाल गंभीर रूप से बीमार हुए लोगों को राजीव गांधी अस्पताल, ओमानदुरार अस्पताल और रॉयपेट्टा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह सब तब हुआ जब इंडियन एयरफोर्स के विमानों ने मरीना बीच के आसमान में अपनी वायुशक्ति और युद्ध-कौशल का प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां उपस्थित जनसमुदाय को रोमांच से भर दिया।
चिलचिलाती धूप और भारी उमस के बीच..
ये लोग रविवार को भारी उमस के बीच हजारों की संख्या में यहां पहुंचे थे. लोगों ने राफेल सहित भारतीय वायुसेना के विभिन्न लड़ाकू विमानों का रणकौशल का भरपूर आनंद उठाया. लड़ाकू विमानों के रोमांचकारी प्रदर्शन का नजारा देखने के लिए दर्शक दोपहर 11 बजे से ही मरीना बीच पर पहुंच गए थे. कई ने खुद को चिलचिलाती धूप से बचाने के लिए अपने हाथों में छाते ले रखे थे।
सीएम स्टालिन और डिप्टी सीएम भी रहे मौजूद
एयर शो (Indian Air Force Show) की शुरुआत भारतीय वायुसेना के विशेष गरुड़ बल के कमांडो के उस साहसिक कौशल के प्रदर्शन के साथ हुई, जिसमें उन्होंने बंधक को मुक्त कराने का एक मॉक अभियान प्रदर्शित किया. लाइटहाउस और चेन्नई बंदरगाह के बीच मरीना पर आयोजित 92वें भारतीय वायुसेना दिवस समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, राज्य के विभिन्न मंत्री, चेन्नई की महापौर आर. प्रिया और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने पहले दावा किया था कि एयर शो कार्यक्रम के दौरान हीटस्ट्रोक के कारण पांच लोगों की जान चली गई। इस बीच अन्नाद्रमुक नेता सत्यन ने कहा कि जब आपके पास एक अयोग्य व्यक्ति मुख्यमंत्री के रूप में हो, तो उसके मंत्रियों की परिषद भी अयोग्य ही होगी। आप इससे अच्छे परिणाम की उम्मीद नहीं कर सकते। एमके स्टालिन और उनका परिवार एयर-कंडीशन में बैठकर एयर शो का आनंद ले रहा था, जबकि लोगों को यह एयर शो देखने के लिए 5-10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।
उन्होंने आगे दावा किया कि एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार इस कार्यक्रम (Indian Air Force Show) का उचित समन्वय और प्रबंधन नहीं कर पाई। मेरी आंखों के सामने बच्चे गिर रहे थे। ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी, जो लोगों की मदद कर सके, उन्हें रास्ता दिखा सके, उन्हें उनकी जरूरत को लेकर बता सके। पानी देने वाले कोई बूथ नहीं थे और कोई चिकित्सा सहायता भी नहीं थी। कोई यातायात प्रबंधन नहीं था। यह पूरी तरह से कुप्रबंधन है। अनमोल जीवन खो गए हैं। मा सुब्रमण्यम में सहानुभूति और आत्म-चेतना नाम की कोई चीज नहीं है। उन्हें स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।



