असम में बड़ा ट्रेन हादसा: राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकराई, 8 हाथियों की मौत, 6 कोच डिरेल
Assam Train Accident: असम के होजाई जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस एक हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिसमें आठ जंगली हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की पुष्टि वन विभाग के अधिकारियों ने की है।
यह भी पढ़े :- बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा पर सीएम साय का बयान, बोले- बेहद चिंताजनक
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार हादसा सुबह करीब 02:17 बजे हुआ। दुर्घटनास्थल गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर है। लोको पायलट ने ट्रैक पर हाथियों के झुंड को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रेन रुक नहीं सकी और टक्कर हो गई। हादसे में इंजन समेत छह कोच पटरी से उतर गए। (Assam Train Accident)
सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन और लुमडिंग मंडल मुख्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। प्रभावित कोचों के यात्रियों को अन्य कोचों में उपलब्ध खाली बर्थ पर अस्थायी रूप से सुरक्षित शिफ्ट किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-
0361-2731621 / 2731622 / 2731623
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित कोचों को अलग करने के बाद ट्रेन को सुबह 06:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना किया गया। वहां पहुंचने पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, जिसके बाद ट्रेन अपनी आगे की यात्रा शुरू करेगी।
रेलवे के अनुसार जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह अधिसूचित हाथी कॉरिडोर नहीं है। फिलहाल इस सेक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों को अप लाइन से डायवर्ट किया गया है। ट्रैक की मरम्मत और बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। (Assam Train Accident)



