Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट संकट: केंद्र सरकार ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं, देश में पेट्रोल, डीजल और LPG की कमी नहीं

Middle East Conflict: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन, जलमार्ग मंत्रालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौजूदा हालात और केंद्र सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। सरकार ने कहा कि ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री सुरक्षा, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सभी मंत्रालय मिलकर लगातार काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- असम में जमकर गरजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- झूठे वादों की दुकान है कांग्रेस

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि मिडिल ईस्ट में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने की आशंका के बावजूद भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता लगभग 258 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष है। इस क्षमता के आधार पर भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रिफाइनिंग केंद्र है। देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है। घरेलू मांग पूरी करने के लिए पेट्रोल-डीजल आयात करने की जरूरत नहीं है। सभी रिफाइनरियां फिलहाल उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं, कुछ रिफाइनरियां तो 100% से भी ज्यादा क्षमता पर चल रही हैं। भारत के पास पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार मौजूद है और अलग-अलग देशों से आयात जारी है।

प्राकृतिक गैस की आपूर्ति

सरकार ने जनता से अपील की है कि पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार ने 9 मार्च को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राकृतिक गैस नियंत्रण आदेश जारी किया है। इसके तहत पीएनजी और सीएनजी को 100% आपूर्ति दी जाएगी। उद्योगों और व्यापारिक क्षेत्रों को गैस आपूर्ति 80% तक सीमित की गई है। भारत में लगभग 1.5 करोड़ घरों में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) की सुविधा है। रोजाना लगभग 3.73 एमएमएससीएम गैस की खपत हो रही है। केंद्र सरकार ने कहा है कि जिन घरों में पीएनजी उपलब्ध है, उन्हें एलपीजी सिलेंडर के बजाय पीएनजी का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि एलपीजी उन क्षेत्रों में भेजा जा सके, जहां पाइप गैस की सुविधा नहीं है। (Middle East Conflict)

पेट्रोल पंपों पर ईंधन की स्थिति

अधिकारियों ने बताया कि देश में करीब 60 लाख घरों के पास पीएनजी कनेक्शन की सुविधा होते हुए भी उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। देश के लगभग 1 लाख पेट्रोल पंपों पर किसी भी जगह ईंधन की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। हाल ही में तमिलनाडु में एक पेट्रोल पंप पर खुले कंटेनरों में पेट्रोल बेचने का मामला सामने आया था। सरकार ने उस पंप की बिक्री तुरंत रोक दी। सरकार ने लोगों से अपील की है कि कंटेनरों में पेट्रोल या डीजल न खरीदें। यह असुरक्षित और नियमों के खिलाफ है।

एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति

केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि देशभर में 25,000 एलपीजी वितरकों में कहीं भी एलपीजी की कमी की सूचना नहीं है। हालांकि घबराहट के कारण एलपीजी बुकिंग अचानक बढ़ गई है। पहले रोजाना औसतन 55.7 लाख बुकिंग होती थी। अब यह बढ़कर 76 लाख प्रतिदिन हो गई है। तेल कंपनियां रोजाना लगभग 50 लाख एलपीजी सिलेंडर वितरित कर रही हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराकर सिलेंडर बुक न करें। सामान्य जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करें। सरकार और राज्य प्रशासन जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के झांसी में 524 चोरी के सिलेंडर बरामद किए गए। 

सरकार की ओर से अतिरिक्त कदम

वहीं हापुड़ में 32, कर्नाटक के होटल से 46, MP के छतरपुर से 38 सिलेंडर जब्त किए गए। राज्य सरकारों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने ऊर्जा संकट से बचने के लिए कई अतिरिक्त उपाय किए हैं। रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन 30% से ज्यादा बढ़ाया गया। राज्यों को 48,000 किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन दिया गया। होटल और रेस्तरां में एक महीने तक कोयला और केरोसिन के उपयोग की अनुमति दी गई। कोल इंडिया और सिंगरेनी कोलियरीज को अधिक कोयला आपूर्ति के निर्देश दिए गए। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के मुताबिक फारस की खाड़ी में 24 भारतीय जहाज मौजूद हैं। इन जहाजों पर 668 भारतीय नाविक कार्यरत हैं। खाड़ी क्षेत्र में कुल 23,000 भारतीय नाविक अलग-अलग जहाजों पर काम कर रहे हैं। शिपिंग महानिदेशालय ने 24 घंटे का कंट्रोल रूम बनाया है।

मिडिल ईस्ट में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा

अब तक 2425 फोन कॉल, 4441 ईमेल, 223 फंसे नाविकों की सुरक्षित वापसी हुई है। संकट के दौरान 3 भारतीय नाविकों की मौत हुई है। 1 नाविक अभी भी लापता है। 4 घायल नाविकों का इलाज हो चुका है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम एशिया में भारतीय दूतावास लगातार भारतीय नागरिकों से संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति, क्षेत्र में शांति और कूटनीति के महत्व पर चर्चा हुई। विदेश मंत्री ने भी ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से बातचीत की। विदेश मंत्रालय के कंट्रोल रूम को अब तक 900 से ज्यादा फोन कॉल और 200 ईमेल प्राप्त हुए हैं।

ओमान में हमला, भारतीयों की मौत

ओमान के सोहार शहर में हुए हमले में 2 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। 10 भारतीय घायल हुए। घायलों में से 5 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। 5 का इलाज जारी है। इस पूरे संघर्ष में अब तक 5 भारतीय नागरिकों की मौत और 1 भारतीय लापता है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मीडिया और जनता से अपील की है कि अफवाहों से बचें। आधिकारिक स्रोतों की जानकारी पर भरोसा करें। डिजिटल धोखाधड़ी से सावधान रहें। सिलेंडर बुकिंग के लिए सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट या एप का उपयोग करें। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मिडिल ईस्ट की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऊर्जा आपूर्ति, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी मंत्रालय मिलकर काम कर रहे हैं। (Middle East Conflict)

Back to top button
error: Content is protected !!