Google Analytics —— Meta Pixel

आवासीय स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, छुट्टियों के दौरान गांव में दुष्कर्म का आरोप

Minor Student Gives Birth: कबीरधाम जिले के एक निजी आवासीय स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं की नाबालिग आदिवासी छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ बीजापुर जिले में FIR दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। वहीं अब इस मामले में स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल की निगरानी व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने मामले की SIT से जांच कराने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। जानकारी के मुताबिक बीजापुर जिले की रहने वाली नाबालिग छात्रा सरकारी उत्कर्ष योजना के तहत कबीरधाम जिले के निजी आवासीय स्कूल के हॉस्टल में रहकर 10वीं की पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि स्कूल की छुट्टियों के दौरान अपने गांव जाने पर उसके साथ दुष्कर्म हुआ। छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस स्कूल हॉस्टल लौट आई और कई महीनों तक वहीं रहकर पढ़ाई करती रही।

यह भी पढ़ें:- हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- शादी के बाद मायके से रिश्ता खत्म नहीं होता, विवाहित बहन भी अनुकंपा नियुक्ति की हकदार

स्कूल प्रबंधन के मुताबिक 5 फरवरी को छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसके परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। इसके बाद 12 फरवरी को उसने एक बच्चे को जन्म दिया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद बीजापुर थाना क्षेत्र में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई और पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ अब पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर छात्रा कई महीनों तक हॉस्टल में रह रही थी तो उसकी गर्भावस्था की जानकारी स्कूल प्रबंधन, वार्डन, महिला स्टाफ या स्वास्थ्य निगरानी से जुड़े किसी जिम्मेदार व्यक्ति को कैसे नहीं हुई? यह भी सवाल उठ रहे हैं कि छात्रा की नियमित स्वास्थ्य जांच हुई थी या नहीं और तबीयत बिगड़ने के बाद स्कूल स्तर पर कोई चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया था या नहीं। इन सभी पहलुओं की जांच की मांग अब तेज हो गई है।

पहले भी विवादों में रह चुका है स्कूल

जानकारी के मुताबिक इसी निजी स्कूल का नाम इससे पहले भी एक नाबालिग छात्रा से जुड़े दुष्कर्म के मामले में सामने आ चुका है। उस मामले में स्कूल के एक कर्मचारी और तत्कालीन प्राचार्य के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी हुई थी। ऐसे में एक बार फिर स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। प्राचार्य मनोज कुमार राय का कहना है कि यह घटना उनके कार्यकाल से पहले की है। उनके मुताबिक छात्रा की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अपने साथ घर ले गए थे और बाद में परीक्षा नहीं देने की जानकारी दी गई। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण और उस समय की प्रशासनिक प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर कहा कि इसका जवाब तत्कालीन प्राचार्य ही दे सकते हैं। मामले के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। परिषद के जिला अध्यक्ष कामू बैगा ने आरोपी के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। (Minor Student Gives Birth)

जांच पर टिकी निगाहें

परिषद का कहना है कि अगर छात्रा लंबे समय तक हॉस्टल में रह रही थी तो उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी संस्थान की थी। ऐसे में सिर्फ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे घटनाक्रम की एसआईटी से जांच कराई जानी चाहिए। संगठन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच केवल आरोपी तक सीमित रहती है या फिर स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल की निगरानी व्यवस्था और संभावित प्रशासनिक लापरवाही की भी निष्पक्ष जांच की जाती है, क्योंकि आवासीय विद्यालय सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं होते, बल्कि वहां रहने वाले बच्चों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी संस्थान की होती है। (Minor Student Gives Birth)

Back to top button
error: Content is protected !!