छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की कायराना करतूत, शिक्षा दूत और ग्रामीण को उतारा मौत के घाट

Naxalite Incident in Dantewada: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने कायराना करतूत को अंजाम दिया है। दरअसल, अबूझमाड़ के तोडमा गांव में नक्सलियों ने एक शिक्षा दूत और ग्रामीण की हत्या कर दी है। SP ने बताया कि 19 फरवरी को दोपहर में नक्सलियों ने शिक्षा दूत बामन कश्यप को स्कूल और ग्रामीण अनीश राम को गांव से अगवा कर लिया था। इसके बाद दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी। नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में दोनों की हत्या की है। हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वारदात को नक्सलियों की आमदई एरिया कमेटी और पूर्व बस्तर डिवीजन ने अंजाम दिया है।
यह भी पढ़ें:- बीमारी को दरकिनार कर पार्वती ने किया मतदान, मंत्री केदार कश्यप, पूर्व CM बघेल और बैज ने भी डाला वोट
नक्सलियों ने पर्चा फेंककर हत्या की जिम्मेदारी ली है। जारी प्रेस नोट में नक्सलियों ने लिखा है कि 4 अक्टूबर 2024 को तुलतुली-गावाड़ी के बीच में हुई मुठभेड़ में दोनों की मुख्य भूमिका थी। इन गलतियों को देखते हुए PLGA ने मौत की सजा दी है। गांव के लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्होंने शवों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही आगे की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने बताया कि देर रात नक्सली गांव पहुंचे। इसके बाद शिक्षक बामन कश्यप और ग्रामीण अनीश राम को जंगल ले जाकर उनकी हत्या कर दी। फिर शव को गांव में वापस छोड़ दिया। (Naxalite Incident in Dantewada)
जनवरी में भी की थी एक ग्रामीण की हत्या
बता दें कि नक्सलियों ने बस्तर संभाग के 7 जिलों में 24 साल के अंदर करीब 1800 ग्रामीणों की हत्या की है, जिसमें सबसे ज्यादा हत्या बीजापुर जिले में की गई है। इससे पहले नक्सलियों ने 1 जनवरी 2025 को बीजापुर के केशामुंडी में एक ग्रामीण की पुलिस मुखबिरी के शक में हत्या की थी। मौके से प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन भैरमगढ़ एरिया कमेटी का पर्चा बरामद हुआ था। ग्रामीण की पहचान केशामुंडी निवासी भदरू सोढ़ी के रूप में हुई थी, जिनकी उम्र 41 साल थी। नक्सलियों ने भदरू के घर में घुसकर कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसकी जान ली थी। मौके से बरामद पर्चे में लिखा था कि वे उसे पहले ही मार देते, लेकिन वह बच गया। गांव में नक्सलियों की जानकारी देने के आरोप में उन्होंने ग्रामीण की हत्या की है। (Naxalite Incident in Dantewada)



