Google Analytics —— Meta Pixel

परिसीमन पर सत्ता पक्ष का शक्ति प्रदर्शन, बीजेपी ने कहा- राजनीति छोड़िए, महिलाओं के हक में साथ आइए

NDA on Delimitation Bill: देश की राजनीति में इन दिनों परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर घमासान मचा हुआ है। केंद्र सरकार के 132वें संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद सत्ता पक्ष ने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने और महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य तक ने विधेयक के समर्थन में मोर्चा संभाल लिया है। सरकार की प्रस्तावित योजना के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने की बात कही जा रही है। वहीं विपक्ष की ओर से उठाई जा रही आपत्तियों के बीच BJP नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर महिला आरक्षण और जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध क्यों किया जा रहा है? ऐसे में परिसीमन अब सिर्फ संवैधानिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है।

यह भी पढ़ें:- संसद के विशेष सत्र से पहले घमासान, विपक्ष बोला- सरकार की नीयत ठीक नहीं, अखिलेश बोले- सीमा बचा नहीं पा रहे, परिसीमन में उलझा रहे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में कैबिनेट द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी देश के सभी राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने व शासन को जनता के और करीब लाने का बहुत बड़ा कदम है। साथ ही, इसमें अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव भी है। इस प्रावधान से उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा। साथ ही, महिलाओं को मिलने वाले एक-तिहाई आरक्षण से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा। अधिक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताएँ सदन में रख सकेंगे। इससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने, विकास को गति देने में मदद मिलेगी। यह निर्णय उत्तर प्रदेश में सुशासन व जनभागीदारी, दोनों को और ज्यादा मजबूती देगा। उत्तर प्रदेश के सभी दलों को इस ऐतिहासिक विधेयक का स्वागत और समर्थन करना चाहिए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताई खुशी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी एक ऐतिहासिक फैसला है। यह फैसला भारतीय लोकतंत्र को और अधिक समावेशी बनाने, जन-प्रतिनिधित्व का विस्तार करने और शासन को लोगों के और करीब लाने में अहम भूमिका निभाएगा। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान, विधायी संस्थाओं में उनकी भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद कांग्रेस पार्टी को भी अपना पुराना रुख और पुरानी सोच बदल लेनी चाहिए। मैं कांग्रेस पार्टी और उन कुछ अन्य लोगों से भी, जो कांग्रेस के कहने पर इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं, यह आग्रह करता हूं कि वे राजनीति को एक तरफ रखें और संसद में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करें, ताकि यह विधेयक पारित हो सके। उन्होंने आगे कहा कि परिसीमन विधेयक, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देना और जन-प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है, अब पूरी तरह स्पष्ट हो गया है।

रिजिजू का विपक्ष पर हमला

रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की वकालत करते हुए और लोकसभा, विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रस्ताव रखकर हर राज्य की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए पूरे देश को एक संदेश दिया है। अगर कोई इस पहल का विरोध करता है, तो पूरा देश न केवल महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। इससे बेहतर कोई विधेयक या प्रावधान नहीं हो सकता, इसमें हर पहलू को शामिल किया गया है, चाहे वह हर राज्य और हर समुदाय (SC, ST या महिलाएं) के हित हों और साथ ही जन-प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि अभी तो सरकारी रूप से कुछ आया नहीं कि क्या पारित होने वाला है। लोगों की कल्पना है। आने दीजिए, जो भी बिल आएगा वो पास ही होगा, क्योंकि हमारे साथ समर्थन है। उस तरफ जो लोग थे सब इस तरफ आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि स्वाभाविक है महिला आरक्षण बिल देश का कमिटमेंट है। कांग्रेस पार्टी ने भी कमिटमेंट की थी, पूरा नहीं की, लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार पूरा कर रही है, जो दल इसका विरोध करेगा। आधी आबादी उसको औकात बता देगी। (NDA on Delimitation Bill)

ये लोग हाय-तौबा क्यों मचाते हैं ?: गिरिराज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ये लोग हाय-तौबा क्यों मचाते हैं? ऐसा वही लोग करते हैं जो महिलाओं का अधिकार छीनना चाहते हैं। मैं बेगूसराय से बिहार का सांसद हूं। मेरे जिले की 40 लाख की आबादी है, जिसमें से 22-23 लाख मेरे मतदाता हैं। सबकी इच्छा होती है कि हमारे गांव में आएं लेकिन इतनी बड़ी आबादी का गांव-गांव जाना संभव नहीं हो पाता है। इंग्लैंड की आबादी 6.5-7 करोड़ है लेकिन वहां 700 सांसद हैं। विपक्षी पार्टी के लोग महिला विरोधी हैं। आज भारत सरकार, PM मोदी जो मॉडल लेकर आए हैं, ये दक्षिण भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के लिए भी अच्छा है, जो मौजूदा सीटें हैं उसी को 1.5 गुना किया जाएगा। ये मॉडल पास होगा। जो इसका विरोध करेगा तोसमझा जाएगा कि वे महिला विरोधी हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरीके से INDI गठबंधन में दरारें देखने को मिली, कई ऐसे घटक दल जो आज हमारी सरकार का साथ देने को तैयार हैं। ये दर्शाता है कि कहीं ना कहीं INDI गठबंधन में दरार है। मैं मानता हूं कि ये एक अच्छा प्रस्ताव है जिससे हर राज्य को लाभ होगा।

CM योगी ने विपक्ष को घेरा

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि जम्मू कश्मीर में हमारी पार्टी बढ़ रही है। ये बाबा साहब अंबेडकर जी की विचारधारा की पार्टी है। सभी जातीय धर्म के लोगों के साथ में ले चलने वाली पार्टी है और जम्मू कश्मीर में मतलब यहां का डेवलपमेंट जो है, डेवलपमेंट कराने के लिए यहां का जो हमारी मुस्लिम कम्युनिटी के लोग हैं, हिंदू कम्युनिटी के लोग जम्मू में हैं, सभी लोगों को न्याय देने के लिए हमारी पार्टी काम करने वाली है और आज यहां कश्मीर में मतलब मंजूर खान के नेतृत्व में हमारी पार्टी आगे बढ़ रही है और भविष्य में हमारी पार्टी एक अच्छा प्रदर्शन करती रहेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन बिल पास करने के अवसर पर मैं प्रधानमंत्री और केंद्रीय कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद करता हूं। हम आभारी हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संसद से पहले ही पास हो चुका है। कैबिनेट के द्वारा इस बिल के 2029 में लागू करने का मार्ग प्रशस्त होने के साथ ही यह सुनिश्चित हो गया है कि संसद और विधानसभा में 50 फीसदी जो सीटें बढ़ेंगी, उसके कारण 33 फीसदी महिला आरक्षण का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा। आधी आबादी को देश की संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की जो यह पहल है, यह स्वागत योग्य है और एक समय सीमा के अंदर यह लागू हो जाए, यह अभिनंदनीय है। (NDA on Delimitation Bill)

2029 से लागू करने की तैयारी

CM योगी ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा के सांसदों से अपील करूंगा कि वे इस बिल का समर्थन करें और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें। यह नारी शक्ति के सशक्तिकरण से समृद्ध भारत का मार्गप्रशस्त करने का एक बेहतरीन अवसर है। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। PM मोदी के नेतृत्व में हमारी प्रतिबद्धता है कि नारी शक्ति को संसद में 33% प्रतिनिधित्व मिले। भारत आर्थिक दृष्टि से नया स्वरूप धारण कर रहा है। सांस्कृतिक दृष्टि से नया स्वरूप धारण कर रहा है। निश्चित रूप से संसद को भी नए स्वरूप में आने की आवश्यकता है। इसलिए परिसीमन बिल लाया जा रहा है। भाजपा सांसद के. लक्ष्मण ने कहा कि परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस को महिला समाज को जवाब देना चाहिए। क्यों वे लोग इस बिल को पारित करने की दिशा में आगे नहीं आ रहे हैं? कांग्रेस पार्टी महिला और SC-ST विरोधी है। सीटों की संख्या बढ़ने से महिलाएं भी संसद और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व कर पाएंगी। SC-ST वर्ग भी अपना नेतृत्व कर पाएंगे और अपनी आवाज उठा पाएंगे। SC-ST, महिला और युवा हित के लिए जो बिल लाया जा रहा है, कांग्रेस इसे क्यों रोक रही है? उन्हें पूरे समाज को जवाब देना चाहिए। पीएम मोदी और भारत सरकार राष्ट्र व सभी वर्गों के हित में जो भी बिल लाती है, उसका विरोध करना ही इनका एकमात्र एजेंडा है। पीएम मोदी की लगातार तीन बार जीत को ये लोग सह नहीं पा रहे हैं… आने वाले दिनों में कांग्रेस विरोधी दल के नाते भी अपनी सीट नहीं जीत पाएगी।

अभी विधानसभा और लोकसभा में महिला आरक्षण नहीं: राठौड़

भाजपा नेता मदन राठौड़ ने कहा कि अभी विधानसभा और लोकसभा में महिला आरक्षण नहीं है। महिलाएं अपनी प्रतिभा के आधार पर कहीं से भी चुनाव लड़ कर जीत कर आती हैं लेकिन महिला आरक्षण की जरूरत है। महिलाएं सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। महिला आरक्षण मिलेगा तो आधी आबादी को कानून बनाने में अधिकार मिल जाएगा। भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि ये अच्छी बात है कि अब लोकसभा में 50% सीटें बढ़ जाएंगी। महिला आरक्षण भी 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू हो जाए ये भी केंद्र सरकार का फैसला है। विपक्ष के लोग जिस तरह से बाधक बन रहे हैं, उनकी मानसिकता समझ से परे है कि उनको परेशानी क्यों हो रही है? आधी आबादी को अगर आरक्षण मिल रहा है तो उनको परेशानी है। देश इसका जवाब चाहती है। भाजपा सांसद उज्जवल निकम ने कहा कि तीन दिन का ये सत्र है। हमारे प्रधानमंत्री ने इसके पीछे जो सरकार की भूमिका है, खासकर महिलाओं के लिए और जहां जगह कम है, वहां कैसे जगह बढ़ा सकते हैं, इसके लिए परिसीमन बिल लाया जा रहा है। ये हमारे संविधान पर आधारित है।

देश की जनसंख्या के अनुसार परिसीमन होना बहुत जरूरी: पंकज

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, “परिसीमन समय-समय पर होता रहता है। देश की जनसंख्या के अनुसार परिसीमन होना बहुत जरूरी है। क्योंकि बहुत से लोकसभा क्षेत्र बहुत बड़े हो चुके हैं। साथ ही साथ जो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लाया जा रहा है, उन महिलाओं को भी उचित सम्मान और सीट मिले, उसी के नाते ये परिसीमन हो रहा है। मैं देश के सभी सांसदों से अपील करूंगा कि आएं, परिसीमन बिल में हमारे साथ खड़े हों। आधी आबादी को भी कहीं न कहीं स्थान मिले, इसके लिए हमारा साथ देना चाहिए। डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार प्रकट करते हैं, अभिनंदन करते हैं, धन्यवाद करते हैं। आजादी के बाद बहुप्रतीक्षित, देश की आधी आबादी महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में जो प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था, उस पर बाधा डालने का काम कांग्रेस और वर्तमान के उनके बचे-कुचे सहयोगी दलों ने किया, जिसमें समाजवादी पार्टी भी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पास होने के बाद जब महिलाओं को आरक्षण का लाभ देने का समय आया और उसे लेकरसंसद का विशेष सत्र बुलाया गया तो उस समय जिन दलों ने विरोध किया, देश की मातृ शक्ति निश्चित तौर पर उन्हें ध्यान में रखेगी।

विपक्ष इस बिल का विरोध न करें: मौर्य

मौर्य ने कहा कि प्रसन्नता की बात यह है कि जब कल केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बैठक करने के बाद 2011 की जनगणना के आधार पर देश के सभी राज्यों में लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें, बढ़ाने का फैसलालिया है। उत्तर प्रदेश में 80 की जगह अब 120 सांसद होंगे। ऐसे ही 403 विधायकों की जगह लगभग 605 विधायक हो जाएंगे। इसी अनुपात में हर राज्य में ये संख्या बढ़ने वाली है। इसमें 33 प्रतिशत महिलाएं होंगी। उन्होंने आगे कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से कहना चाहता हूं कि इस बिल का विरोध न करें। यह बिल देश के हित में है, लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है, संविधान की मूल भावनाओं के अनुरूप है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसे कई दलों का हमें सहयोग मिलने की संभावना दिख रही है, जिसके आधार पर महिला आरक्षण और परिसीमन का ये बिल पास हो जाए। हम उस घड़ी का इंतजार कर रहे हैं। जब ये बिल पास हो जाएगा तो देश व उत्तर प्रदेश खुशियां मनाएगा। पिछली बार हमारा बिल पास नहीं हो पाया था, लेकिन इस बार संकेत मिल रहे हैं उससे साफ है लोकसभा और राज्यसभा में महिला आरश्रण और परिसीमन बिल है वो पास होगा। जेडी(यू) राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि सभी जानते हैं कि एक-एक निर्वाचन क्षेत्र की आबादी 50 साल में कितनी बढ़ गई उसके लिए ये बिल लाया गया है। हर राज्य में 50% सीटें बढ़ जाएगी। महिला आरक्षण बिल पहले ही पास है। जो बढ़ रहा है उसमें महिला आरक्षण मिलेगा। (NDA on Delimitation Bill)

परिसीमन इस देश की संवैधानिक व्यवस्था का एक अंग: नीरज

संजय झा ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि उद्देश्य क्या है? सबसे बड़ा उद्देश्य है परिसीमन के साथ-साथ महिलाओं को लोकसभा में और विधानसभा में 1/3 प्रतिनिधित्व देना। बिहार सबसे बड़ा उदाहरण है कि विपक्ष के लोगों को देखना हो तो बिहार आ कर देखें कि जब पंचायत में आरक्षण मिला तब किस तरह से महिलाओं के सामाजिक जीवन में बदलाव आया। मैं अपील करता हूं कि अपेक्षा करता हूं कि ये सर्वसम्मति से हो, सब लोग मिल कर एक ध्वनि मत से विधेयक को पारित करें। जो लोग इसके खिलाफ जाएंगे, वो महिलाओं के खिलाफ जाएंगे। JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि परिसीमन इस देश की संवैधानिक व्यवस्था का एक अंग है। यह स्वाभाविक प्रक्रिया है। 10 सालों पर परिसीमन होना चाहिए, जब जनसंख्या बढ़ रही है तो परिसीमन स्वाभाविक है। बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि महिलाओं का हमारे देश में बहुत बड़ा स्थान है। संसद में जो आरक्षण बिल लाया गया, ये अच्छी बात है। आधी आबादी को इसका प्रतिनिधित्व मिलेगा। देश मजबूत होगा, नारी मजबूत होगी। इससे अच्छा अवसर और क्या होगा? हम इसका पुरजोर समर्थन करते हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बोलने की और अभिव्यक्ति व्यक्त करने की स्वतंत्रता है। किसी को कोई बोलने से नहीं रोक सकता है।

राहुल गांधी झूठा भ्रम फैला रहे हैं: राम कदम

भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि इस प्रकार की बात नहीं है कि परिसीमन बिल पहली बार आ रहा है। राहुल गांधी झूठा भ्रम फैला रहे हैं कि ये पहली बार आया है। 1952, 1963, 1973 फिर 2002, चार बार आ चुका है। जैसे मतदाता बढ़ जाते हैं, तो स्वाभाविक रूप से सांसदों की संख्या भी बढ़ानी होगी। इतनी छोटी सी पर महत्वपूर्ण बात राहुल गांधी के समझ में नहीं आ रही। शरद पवार वरिष्ठ अनुभवी नेता हैं, वे भली बातें जानते हैं कि जब आबादी बढ़ चुकी है, मतदाता बढ़ चुके हैं तो 2 सांसद की जगह 3 सांसद होंगे, तो लोगों के लिए, विकास के लिए, सुविधा के लिए,अच्छा होगा। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार ने जो वादा किया है उसको पूरा करने के लिए कटिबद्ध है। परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल पास होगा चाहे विपक्ष कितना भी चिल्लाए, विपक्ष के लोग ही पास कराएंगे। राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि एक सांसद का जितना क्षेत्र होता है, वह उस पूरे क्षेत्र को अपनी सेवाएं देता है। यदि परिसीमन में क्षेत्र का वर्गीकरण जनसंख्या के हिसाब से बराबर छोटा हो जाए तो योजनाओं का अधिक लाभ पहुंचाया जा सकता है। इसलिए परिसीमन की मांग की जा रही है।

अब शक्ति को कोई इग्नोर नहीं कर पाएगा: विजय कुमार

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह भारत भूमि शक्ति की भूमि रही है, और शक्ति जगने वाला है, 21वीं सदी के भारत में नारी शक्तिकरण का जो संकल्प था वह अब पूर्णता को प्राप्त करने वाला है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो नारी सम्मान, नारी सशक्तिकरण की बात कही, लोकतंत्र की मजबूती के लिए आधी आबादी को सत्ता में पूर्णतः भागीदारी के लिए जो संकल्प था आज देश के दक्षिण से उत्तर पूरब से पश्चिम हर लोग इसमें अपनी सहमति और भागीदारी कर रहे हैं और हमें तो पूर्ण विश्वास है यह शक्ति का भक्ति सभी करेंगे भारत के 21वीं सदी के भारत में अब शक्ति को कोई इग्नोर नहीं कर पाएगा। भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि परिसीमन बिल जब सरकार लाना चाहेगी तो आ जाएगा, जिस दिन सरकार चाहेगी उस दिन परिसीमन बिल पास हो जाएगा। ये बेहतरी के लिए है। पिछले कई सालों से नहीं हुआ। जनसंख्या बहुत बढ़ी हुई है। एक-एक सीट पर बहुत ज्यादा आबादी है। परिसीमन आएगा तो लोगों के लिए काम करना आसान होगा। उत्तर प्रदेश की राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि विपक्ष बिना मतलब उछल कूद मचा रहा है और बिना मतलब गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। मुझे नहीं समझ आया कि यही लोग इतने समय से सड़कों पर उतर के नारी सशक्तिकरण के लिए चिल्लाया करते थे। (NDA on Delimitation Bill)

30 तारीख का दिन ऐतिहासिक दिन रहेगा: मलूक

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि बीते काफी समय से ये विषय चर्चा में है। महिलाओं का प्रतिनिधित्व उपयुक्त हो जाए और वर्तमान लोकसभा में जो स्थिति है,बहुत समय से बात चल रही है कि लोकसभा के सदस्यों की संक्या बढ़ाई जाए। मैं मानता हूं कि यदि किसी लोकसभा क्षेत्र में 20 से 25 लाख मतदाता हैं तो उन सभी कीसमस्याएं सुनना आसान काम नहीं है। भारत इतना बड़ा देश है इसलिए सुनियोजित प्रकार से कि सबकी सहमति के साथ लोकसभा की सीटें बढ़ाने का काम किया जाए। सरकार ने इस दिशा में बात की है। किसी भी राज्य की अनदेखी नहीं होगी। हमारे यहां जो अनुसूचित जाति, जनजाति या आदिवासी क्षेत्र हैं, उनको भी इन सारी बातों को ध्यान रखा जाए। सबकी सहमति के आधार पर लोकसभा की सीटें एक उपयुक्त तरीके से बढ़ाने का काम किया जाएगा। RLD महासचिव मलूक नागर ने कहा कि 30 तारीख का दिन ऐतिहासिक दिन रहेगा। इस दिन इतिहास लिखा जाएगा। देश तो आजाद हो गया था लेकिन कहीं न कहीं महिलाओं की भागीदारी कम थी। उन्हें असली आजादी 30 तारीख को मिलने जा रही है। महिलाओं में जो वर्षों से इंतजार था, वो कांग्रेस के 55-60 साल के कार्यकाल में उम्मीद के साथ देखती रहीं कि कब उन्हें बराबरी का हक मिलेगा। आज वो समय उनके दरवाजे पर खड़ा है। आने वाले समय में महिलाएं बराबरी की भागीदारी करेंगी और हर क्षेत्र में देश की अलग तासीर होगी। देश तरक्की करेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!