PM आवास योजना में लापरवाही बरतने पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन पंचायत सचिव निलंबित, एक आवास मित्र की गई नौकरी

Negligence in PM Awas: रायगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में उदासीनता और लापरवाही का मामला पाए जाने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र यादव ने जनपद पंचायत खरसिया अंतर्गत ग्राम पंचायत घघरा के सचिव राजेश सारथी, ग्राम पंचायत बरगढ़ के सचिव कमलेश्वर राठिया और ग्राम पंचायत सूती की सचिव माधुरी सिदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला पंचायत के CEO यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत और ग्रामीण विकास के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को इस योजना के क्रियान्वयन के लिए सौंपे गए दायित्व का गंभीरता से निर्वहन करना और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- Ambikapur Chit Fund Scam: तीन आरोपितों को कारावास व लाखों का जुर्माना, कंपनी पर भी लगा जुर्माना
उन्होंने अधिकारियों को लगातार ग्रामीण इलाको का दौरा कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का मुआयना करने के साथ ही कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन और जिला पंचायत CEO नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर सख्त के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत जनपद पंचायत बलरामपुर में नियुक्त आवास मित्र कंचन गुप्ता, क्लस्टर क्रमांक 35 तातापानी (नवाडीह, तातापानी) को राशि मांग की शिकायत प्रमाणित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है। (Negligence in PM Awas)
आवास मित्र की गई नौकरी
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जनपद पंचायत बलरामपुर में पदस्थ कंचन गुप्ता (नवाडीह, तातापानी) आवास मित्र के रूप में कार्य कर रही थी। ग्राम पंचायत नवाडीह, तातापानी के हितग्रहियों ने शिकायत की थी कि आवास मित्र/समर्पित मानव संसाधन के द्वारा आवास प्लस 2.0 में आवास सर्वे के नाम पर ग्राम पंचायतों के हितग्राही द्वारा राशि की मांग की जा रही है। शिकायत पर जनपद CEO ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने और शिकायत प्रमाणित पाए जाने के कारण तत्काल प्रभाव से काम से अलग किया गया। जनपद पंचायत CEO रणवीर साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना में किसी भी प्रकार की हितग्राहियों के शोषण की शिकायत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता से पहुंच सके। (Negligence in PM Awas)
बलौदाबाजार में भी सचिव निलंबित
बलौदाबाजार में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सामुदायिक शौचालय के रख-रखाव में रूचि नहीं लेने पर ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने स्वच्छ भारत मिशन का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव में कोताही बरतने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार विकासखंड सिमगा अंतर्गत ग्राम पंचायत झीपन के सचिव शिवप्रसाद साहू के द्वारा शासन की महत्त्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालय के रखरखाव में किसी प्रकार की रूचि नहीं लेना और उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत CEO ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियम 1999 के भाग दो नियम 4 के तहत ग्राम पंचायत सचिव शिवप्रसाद साहू को निलंबित कर दिया है। ग्राम पंचायत झीपन का अतिरिक्त प्रभार संजय कुमार वर्मा ग्राम पंचायत सचिव भटभेरा को दिया गया है। निलंबन अवधि में शिवप्रसाद साहू का मुख्यालय जनपद पंचायत सिमगा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। (Negligence in PM Awas)



