नेपाल में पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी को प्रदर्शनकारियों ने जिंदा जलाया, हालात बेकाबू

Nepal Protest Update: नेपाल में सरकार विरोधी प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है। राजधानी काठमांडू और आसपास के इलाकों में हिंसा, आगजनी और झड़पों में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हिंसा के बीच प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री झलनाथ खनाल के काठमांडू स्थित दल्लू इलाके के घर में आग लगा दी। उस वक्त उनकी पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार घर के भीतर थीं। वह गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें कीर्तिपुर बर्न अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उनके शरीर के कई हिस्से जल चुके थे और फेफड़ों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था।
यह भी पढ़ें:- नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी, भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, एअर इंडिया ने काठमांडू की फ्लाइट्स की रद्द
इस घटना के कुछ ही घंटे बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्हें सेना के हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस बीच राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल के इस्तीफे की भी अफवाहें फैली, लेकिन उन्होंने इन खबरों का खंडन करते हुए प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया। राजधानी में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। संसद भवन में आगजनी की गई और प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और गृहमंत्री के निजी आवासों पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर तोड़फोड़ की। (Nepal Protest Update)

पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को प्रदर्शनकारियों ने उनके घर में घुसकर पीटा, जबकि वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को काठमांडू में उनके घर के पास प्रदर्शनकारियों ने दौड़ा-दौड़ाकर मारा। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक प्रदर्शनकारी मंत्री के सीने पर लात मार रहा है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबि लामिछाने की रिहाई के बाद ललितपुर की नक्खू जेल से सभी 1500 कैदी फरार हो गए। जेल प्रशासन ने कहा कि लामिछाने की रिहाई के बाद पुलिस ने जेल से सुरक्षा हटा ली थी, जिससे कैदियों को भागने का मौका मिल गया। इससे इलाके में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।

इस बीच Gen-Z आंदोलनकारियों ने एक ओपन लेटर जारी करते हुए कहा है कि उन्होंने सरकार को घुटनों पर ला दिया है और अब देश को नए नेतृत्व की ओर ले जाने का समय आ गया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की अपील की है। लेटर में कहा गया है कि यह देश अब हमारी लीडरशिप में आ गया है। हम सबकी एकता ही नए बदलाव की नींव रखेगी। नेपाल में जारी हिंसा के मद्देनजर भारत सरकार ने दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास की सुरक्षा कड़ी कर दी है। यह दूतावास बाराखंभा रोड पर स्थित है। बढ़ते आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग काठमांडू के मेयर बालेन शाह को अगला प्रधानमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं।




