नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी, भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, एअर इंडिया ने काठमांडू की फ्लाइट्स की रद्द

Violent Protests in Nepal: नेपाल में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत सरकार ने नेपाली क्षेत्र में रह रहे या यात्रा कर रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम चेतावनी और सहायता सूचना जारी की है। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता के लिए दूतावास से संपर्क करें। भारतीय दूतावास ने कहा कि नेपाल में सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति का सामना करने या सहायता की आवश्यकता होने पर काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के टेलीफोन नंबरों +977 – 980 860 2881, +977 – 981 032 6134 पर संपर्क करें।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में हुई साय कैबिनेट की बैठक, शहीद ASP आकाश राव की पत्नी को उप पुलिस अधीक्षक के रूप में दी अनुकंपा नियुक्ति
नेपाल में लगातार दूसरे दिन जारी विरोध प्रदर्शनों के कारण एयर ट्रैवल भी प्रभावित हुआ है। एअर इंडिया ने मंगलवार को दिल्ली से काठमांडू और काठमांडू से दिल्ली के लिए चलने वाली कई फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है। रद्द की गई फ्लाइट्स में AI2231 / AI2232, AI2219 / AI2220, AI217 / AI218 और AI211 / AI212 शामिल हैं। इन सभी उड़ानों को आज के लिए रद्द कर दिया गया है। एअर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि काठमांडू में मौजूदा हालात को देखते हुए हमने एहतियातन यह फैसला लिया है। यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी साझा करेंगे। (Violent Protests in Nepal)

भारत सरकार की ओर से अपने नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे प्रदर्शन वाले क्षेत्रों से दूर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। नेपाल में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि भारत के आसपास के छोटे पड़ोसी देशों में कुछ समस्याएं चल रही हैं। यह हमारे लिए चिंता का विषय है। नेपाल को एक सशक्त सरकार की जरूरत है। नेपाल के भारत के साथ अच्छे संबंध हैं। लखीमपुर खीरी के एसएसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि हम पड़ोसी राष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार सतर्क नजर रख रहे हैं। हम सीमा सुरक्षा बल के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। संयुक्त गश्त की जा रही है। हमने पर्याप्त सतर्कता और पुलिस बल तैनात किया है। (Violent Protests in Nepal)



