NHM स्वास्थ्यकर्मियों का जेल भरो आंदोलन, रायपुर से लेकर सरगुजा तक उबाल

NHM Jail Bharo Andolan: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत काम कर रहे हजारों संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन को और तेज कर दिया है। नवा रायपुर के तूता धरनास्थल से गुरुवार को बड़ी संख्या में NHM कर्मियों ने ‘जेल भरो आंदोलन’ के तहत रैली निकालकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर नवा रायपुर में ही रोक दिया।
यह भी पढ़ें:- सुकमा में मुठभेड़: 5 लाख की ईनामी महिला माओवादी ढेर, भारी हथियार बरामद
धरनास्थल से रैली के रूप में निकले इन स्वास्थ्यकर्मियों ने ‘नियमितीकरण करो’, ‘हमारी मांगे पूरी करो’, ‘स्वास्थ्यकर्मियों को न्याय दो’ जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया। पुलिस की ओर से रोके जाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने वहीं धरना जारी रखा और गिरफ्तारी देने की चेतावनी दी।
बस्तर और सरगुजा में भी आंदोलन की गूंज
इसी कड़ी में सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में भी NHM कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय धरनास्थल से रैली निकालकर सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी कला केंद्र मैदान पहुंचे और वहां गिरफ्तारी दी। कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि उनकी मांगें सालों से लंबित हैं और अब उन्हें अनदेखा नहीं किया जा सकता। NHM कर्मियों का कहना है कि वे 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं और अब सरकार की बेरुखी के खिलाफ उन्हें उग्र कदम उठाने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना काल में उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवाएं दी थी, लेकिन आज उन्हें नियमितीकरण, ग्रेड पे, और समायोजन जैसी मूलभूत मांगों के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। (NHM Jail Bharo Andolan)
सरकार-कर्मचारी आमने-सामने
इधर, सरकार और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच गतिरोध लगातार गहराता जा रहा है। राज्य शासन ने हड़ताल को अवैध ठहराते हुए कई कर्मचारियों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बावजूद NHM कर्मी अपने रुख पर कायम हैं और चेतावनी दे रहे हैं कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और ज्यादा उग्र रूप दिया जाएगा। NHM कर्मचारी संघ के नेताओं का कहना है कि बार-बार आश्वासन देने के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उनका यह भी कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में जेल भरो आंदोलन को और विस्तार देने की योजना है।
NHM कर्मियों की मांगें
- नियमितीकरण
- समान काम के लिए समान वेतन
- ग्रेड पे की व्यवस्था
- पुरानी पेंशन योजना लागू करना
- सेवा शर्तों में सुधार
- बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली
- मातृत्व लाभों का विस्तार
- स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया
- विभागीय पदोन्नति
- सामाजिक सुरक्षा लाभ



