जानिए कौन है पद्मश्री पाने वाले पंडी राम मंडावी ?, लुंगी पहनकर पहुंचे राष्ट्रपति भवन

Padmashri Pandi Ram Mandavi: बस्तर अंचल के नारायणपुर जिले के रहने वाले जनजातीय कलाकार पंडी राम मंडावी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें पारंपरिक वाद्ययंत्र निर्माण और लकड़ी की शिल्पकला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। पंडी राम मंडावी सिर पर मुंडासा और लुंगी पहनकर राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां उन्होंने सभागार में सबसे पहले सामने बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत तमाम मौजूद लोगों को प्रणाम किया। पंडी राम मंडावी 68 साल के हैं, जो गोंड मुरिया जनजाति से संबंधित हैं। वे पिछले पांच दशकों से बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को न सिर्फ संरक्षित कर रहे हैं, बल्कि उसे नई पहचान भी दिला रहे हैं। उनकी विशेष पहचान बांस की बस्तर बांसुरी के निर्माण में है, जिसे ‘सुलुर’ कहा जाता है।
यह भी पढ़ें:- राजस्व अभिलेखों में गलती के लिए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: CM विष्णुदेव साय
उन्होंने लकड़ी के पैनलों पर उभरे हुए चित्र, मूर्तियां और अन्य शिल्पकृतियों के माध्यम से अपनी कला को वैश्विक स्तर पर पहुंचाया है। पंडी राम मंडावी ने सिर्फ 12 साल की आयु में अपने पूर्वजों से यह कला सीखी और अपने समर्पण-कौशल के दम पर छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। एक सांस्कृतिक दूत के रूप में उन्होंने अपनी कला का प्रदर्शन 8 से ज्यादा देशों में किया है। साथ ही अपने कार्यशाला के जरिए एक हजार से ज्यादा कारीगरों को प्रशिक्षण देकर इस परंपरा को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य किया है। मंडावी का जीवन गरीबी में बीता है। (Padmashri Pandi Ram Mandavi)

CM विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से नारायणपुर के गोंड-मुरिया जनजाति के सुप्रसिद्ध काष्ठ शिल्पकार पंडी राम मंडावी को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया जाना समस्त प्रदेशवासियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। मंडावी ने अपनी विशिष्ट पहचान बस्तर की पारंपरिक बांसुरी ‘सुलुर’ के निर्माण से बनाई है। मात्र 12 साल की आयु से ही वे लकड़ी के पैनलों पर उभरे चित्रों, मनोहारी मूर्तियों और विविध शिल्पकृतियों के माध्यम से अपनी अनुपम कला का जीवंत प्रदर्शन करते आ रहे हैं। उन्होंने न केवल बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजा, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल से अगली पीढ़ी के कलाकारों को प्रशिक्षित कर इस परंपरा को जीवित और प्रासंगिक बनाए रखा। मंडावी कला के प्रति आपके समर्पण पर समूचा छत्तीसगढ़ गर्वित है। (Padmashri Pandi Ram Mandavi)

बता दें कि केंद्र सरकार ने 2025 के पद्म पुरस्कारों के लिए 139 नामों का ऐलान कर दिया था, जिसमें शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी के साथ ही 7 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया गया। वहीं पंकज उधास और सुशील मोदी समेत 19 हस्तियों को पद्म भूषण के लिए चुना गया। इनके अलावा राजस्थान की लोक गायिका बतूल बेगम, दिल्ली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरजा भटला समेत 113 हस्तियों को पद्मश्री के लिए चुना गया है। बता दें कि पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के बाद सबसे महत्वपूर्ण सम्मान हैं, जिन्हें तीन श्रेणियों में पद्म विभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री के तौर पर दिया जाता है। पद्म सम्मान की शुरुआत साल 1954 में भारत सरकार ने की थी। (Padmashri Pandi Ram Mandavi)




