पाकिस्तानी PM ने UN में हिंदुत्व को दुनिया के लिए बताया खतरा, भारत को दुश्मन बताते हुए जीत का किया दावा

Pakistani PM in UN: न्यूयॉर्क में चल रहे 80वें संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के मंच से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत पर तीखे हमले किए। उन्होंने भारत को दुश्मन बताते हुए दावा किया कि हालिया संघर्ष में पाकिस्तान को जीत मिली थी और इस दौरान पाकिस्तान ने भारत के 7 विमान गिराए थे। शहबाज शरीफ ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने पहलगाम हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच की अपील की थी, लेकिन भारत ने इसे ठुकरा दिया और उस त्रासदी का राजनीतिक फायदा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत का कट्टरपंथी हिंदुत्व सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा है।
यह भी पढ़ें:- 30 सितंबर को होगी साय कैबिनेट की बैठक, नए मुख्य सचिव विकासशील का किया जाएगा स्वागत
पाकिस्तानी PM ने यह भी कहा कि पिछले साल उन्होंने UN मंच से चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान किसी बाहरी हमले को सहन नहीं करेगा। उनके मुताबिक यह चेतावनी इस साल मई में सच साबित हुई, जब बिना उकसावे के भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया। शरीफ ने भारत पर सिंधु जल संधि को एकतरफा तौर पर रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह कदम न सिर्फ संधि का उल्लंघन है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानून का भी उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान अपने 24 करोड़ नागरिकों के पानी के अधिकार की रक्षा करेगा और सिंधु जल संधि के किसी भी उल्लंघन को युद्ध की तरह मानेगा। (Pakistani PM in UN)
कश्मीर पर पुराना राग
पाकिस्तानी PM ने एक बार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीरियों के साथ खड़ा है और उन्हें भरोसा है कि एक दिन संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में निष्पक्ष जनमत संग्रह होगा। शरीफ ने दावा किया कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तान मजबूत स्थिति में था, फिर भी उसने सीजफायर का समर्थन किया। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का आभार जताया और कहा कि उनकी दखलंदाजी न होती तो दक्षिण एशिया में बड़ी जंग छिड़ सकती थी। यही कारण है कि पाकिस्तान ने ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है। शरीफ ने कहा कि ट्रम्प की वजह से इस क्षेत्र में विनाशकारी युद्ध टल गया। (Pakistani PM in UN)
शरीफ ने आतंकवाद पर दी सफाई
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान विवादित मुद्दों पर भारत के साथ बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है, जो उकसावे की बजाय समझदारी से काम लें। भाषण से पहले एक भारतीय पत्रकार ने जब शरीफ से सीमा पार आतंकवाद पर सवाल पूछा तो उन्होंने दावा किया कि हम सीमा पार आतंकवाद को हरा रहे हैं। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर ने व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात की। करीब 1 घंटा 20 मिनट चली इस बैठक को मीडिया से दूर रखा गया। व्हाइट हाउस की ओर से इस मुलाकात की कोई तस्वीर या वीडियो जारी नहीं की गई है। आमतौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति जब किसी विदेशी नेता से मिलते हैं तो आधिकारिक तस्वीरें सार्वजनिक की जाती हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। (Pakistani PM in UN)



