प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11वीं बार जवानों के साथ मनाई दिवाली, मिठाई खिलाकर दी बधाई

PM Modi on Diwali: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 11वीं बार सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई। PM मोदी ने गुजरात के कच्छ में BSF, आर्मी, नेवी और एयरफोर्स के जवानों को मिठाई खिलाई। साथ ही दिवाली की शुभकामनाएं दी। बता दें कि PM मोदी 11 साल में सबसे ज्यादा 4 बार जम्मू-कश्मीर और 2 बार हिमाचल प्रदेश गए हैं, जहां उन्होंने जवानों के साथ दिवाली मनाई है। इस दौरान PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं आप सभी को और मां भारती की सेवा में तैनात देश के हर जवान को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मेरी इन शुभकामनाओं में आपके प्रति 140 करोड़ देशवासियों का कृतज्ञ भाव भी शामिल है और उनका आभार भी शामिल है।
यह भी पढ़ें:- दुनियाभर में मनाई गई दिपावली, अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा- दिवाली सिर्फ एक त्योहार नहीं
उन्होंने कहा कि मातृभूमि की सेवा का ये अवसर बड़े सौभाग्य से मिलता है। ये सेवा आसान नहीं है। ये मातृभूमि को सर्वस्व मानने वालों की साधना है। ये मां भारती के लाडलों और लाडलियों की तप और तपस्या है। आपकी ये अटल इच्छाशक्ति, आपका ये अथाह शौर्य, पराक्रम की पराकाष्ठा… देश जब आपको देखता है तो उसे सुरक्षा और शांति की गारंटी दिखाई देती है। दुनिया जब आपको देखती है, तो उसे भारत की ताकत दिखाई देती है और दुश्मन जब आपको देखता है, तो उसे बुरे मंसूबों का अंत दिखाई देता है। जब आप जोश में दहाड़ते हैं, तो आतंक के आका कांप जाते हैं। (PM Modi on Diwali)

PM मोदी ने कहा कि आज देश में एक ऐसी सरकार है जो देश की सीमा के एक इंच से भी समझौता नहीं कर सकती है। इसलिए आज जब हमें ये जिम्मेदारी मिली है, तो हमारी नीतियां हमारी सेनाओं के संकल्पों के हिसाब से बनती हैं। हम दुश्मन की बातों पर नहीं, हमारी सेनाओं के संकल्पों पर भरोसा करते हैं। आज भारत में अपनी सबमरीन बनाई जा रही है। आज हमारा तेजस फाइटर प्लेन वायु सेना की ताकत बन रहा है। पहले भारत की पहचान हथियार मंगाने वाले देश की थी। आज भारत दुनिया के कितने ही देशों को डिफेंस उपकरण एक्सपोर्ट कर रहा है। (PM Modi on Diwali)

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ एक और पहलू जुड़ा हुआ है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती। ये हैं, बॉर्डर टूरिज्म। इसमें हमारे कच्छ के पास अपार संभावनाएं हैं। इतनी समृद्ध विरासत, आकर्षण और आस्था के हमारे अद्भुत केंद्र प्रकृति की अद्भुत देन हैं। गुजरात में कच्छ और खंभात की खाड़ी के मैंग्रोव फॉरेस्ट बहुत महत्वपूर्ण हैं। गुजरात के समुद्री तटों पर समुद्री जीवों और वनस्पतियों का पूरा इकोसिस्टम है। सरकार ने भी मैंग्रोव के जंगलों के विस्तार के लिए कई कदम उठाए हैं। हमारा राष्ट्र जीवंत चेतना है, जिसे हम मां भारती के रूप में पूजते हैं। हमारे जवानों के तप और त्याग के कारण ही आज देश सुरक्षित है, देशवासी सुरक्षित हैं। सुरक्षित राष्ट्र ही प्रगति कर सकता है। इसलिए आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य की ओर इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं तो इसमें आप सब इस स्वप्न के रक्षक हैं। हम दुश्मन की बातों पर नहीं, हमारी सेनाओं के संकल्पों पर भरोसा करते हैं। (PM Modi on Diwali)




