तीसरे कार्यकाल में बड़े फैसलों का नया अध्याय लिखेगा: PM नरेंद्र मोदी
PM Modi on Result: नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में लोकसभा चुनाव 2024 का विजय उत्सव मनाया गया। इस दौरान PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज बड़ा मंगल है और इस पावन दिन NDA की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है। हम सभी जनता-जनार्दन के बहुत आभारी हैं। देशवासियों ने भाजपा और NDA पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ-सबका विकास, इस मंत्र की जीत है। ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Loksabha Election Result: छत्तीसगढ़ की 10 सीटों पर बीजेपी की जीत, कांग्रेस के खाते में सिर्फ 1 सीट, पढ़ें पूरी खबर
PM मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं ने इस चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग कर अभूतपूर्व उत्साह दिखाया है और दुनियाभर में भारत को बदनाम करने वाली जो ताकतें हैं, उनको आईना दिखा दिया है। मैं देश के हर मतदाता को, जनता-जनार्दन को विजय के इस पावन पर्व पर आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं देशभर के सभी दलों, सभी उम्मीदवारों का भी अभिनंदन करता हूं। सभी की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र की ये विराट सफलता संभव नहीं थी। भाजपा के, NDA के हर कार्यकर्ता साथी को भी मैं हृदय से धन्यवाद करता हूं। (PM Modi on Result)
10 साल पहले देश ने बदलाव का जनादेश दिया था: PM
उन्होंने कहा कि 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा के चुनाव हुए, वहां पर NDA को भव्य विजय मिली है, चाहे वो अरुणाचल प्रदेश हो, आंध्र प्रदेश हो, ओडिशा हो या फिर सिक्किम। 10 साल पहले देश ने बदलाव के लिए हमें जनादेश दिया था। वो समय था, जब देश निराशा की गर्त में डूब चुका था। हमें Fragile Five जैसे शब्दों से नवाजा जाता था, हर दिन अखबारों की हेडलाइन घोटालों से भरी रहती थीं, देश की युवा पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर आशंकित हो गई थी। तब देश ने हमें निराशा के गहरे सागर से आशा के मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था। हम सभी ने पूरी ईमानदारी से प्रयास किया, काम किया। (PM Modi on Result)
निजी तौर पर मेरे लिए भी भावुक करने वाला पल: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2019 में इसी प्रयास पर विश्वास व्यक्त करते हुए देश ने दोबारा प्रचंड जनादेश दिया। इसके बाद NDA का दूसरा कार्यकाल विकास और विरासत की गारंटी बन गया। 2024 में इसी गारंटी के साथ हम जन-जन का आशीर्वाद लेने देश के कोने-कोने में गए। आज तीसरी बार जो आशीर्वाद NDA को मिला है, मैं उसके सामने विनय भाव से नतमस्तक हूं। आज का यह पल, निजी तौर पर मेरे लिए भी भावुक करने वाला पल है। मेरी मां के जाने के बाद ये मेरा पहला चुनाव था, लेकिन सच मानिए देश की कोटि-कोटि माताओं-बहनों-बेटियों ने मां की कमी मुझे खलने नहीं दी। मैं पूरे देश में जहां-जहां भी गया माताओं-बहनों-बेटियों ने अभूतपूर्व स्नेह और आशीर्वाद दिया। (PM Modi on Result)
विरोध एकजुट होकर भी हमारे जीतना सीट नहीं जीत पाई: PM
PM ने कहा कि हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी इस लोकसभा चुनाव में अकेले बीजेपी ने जीती है। मैं देश के कोने-कोने में उपस्थित भाजपा के कार्यकर्ता को कहूंगा, आपकी मेहनत, इतनी गर्मी में आपका बहाया पसीना ये मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। अगर आप (देशवासी) 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा, आप दो कदम चलेंगे तो मोदी चार कदम चलेगा। हम भारतीय मिलकर चलेंगे, देश को आगे बढ़ाएंगे। तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा और ये मोदी की गारंटी है। (PM Modi on Result)



