Google Analytics —— Meta Pixel

हम स्वदेशी मजबूरी में नहीं, मजबूती के साथ उपयोग करेंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Swadeshi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से कहा कि हमारे देश में 50-60 साल पहले सेमीकंडक्टर की फैक्ट्री का विचार चालू हुआ, आज जो सेमीकडक्टर पूरी दुनिया की ताकत बन गया है। 50-60 साल वे फाइल लटक गई, अटक गई, भटक गई। सेमीकंडक्टर के विचार की भ्रूण हत्या हो गई। हम सेमीकंडक्टर पर मिशन मोड पर काम कर रहे हैं। इस साल के अंत तक भारत में लोगों द्वारा निर्मित मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में आ जाएंगे। देश को विकसित बनाने के लिए हम अब समुद्र मंथन की ओर भी जा रहे हैं। हम हमारे समुद्र के भीतर के तेल और गैस के भंडार को खोजने की दिशा में मिशन मोड में काम करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्रंप को दो टूक, कहा- कभी भी कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मैं युवा वैज्ञानिकों, प्रतिभाशाली युवाओं, इंजीनियरों, पेशेवरों और सरकार के सभी विभागों से आग्रह करता हूं कि हमारे पास अपने स्वयं के मेड इन इंडिया लड़ाकू विमानों के लिए जेट इंजन होने चाहिए। स्पेस सेक्टर का कमाल तो हर देशवासी देख रहा है। हमारे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्पेस स्टेशन से लौट चुके हैं और आने वाले कुछ दिनों में भारत आ रहे हैं। हम स्पेस में भी अपने दम पर आत्मनिर्भर भारत गगनयान की तैयारी कर रहे हैं। हम अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में हैं। आज 140 करोड़ देशवासियों का एक ही मंत्र होना चाहिए-समृद्ध भारत। अगर कोटि-कोटि लोगों के बलिदान से स्वतंत्र भारत हो सकता है तो कोटि-कोटि लोगों के संकल्प से, आत्मनिर्भर बनने से, वोकल फॉर लोकल की बात करने से समृद्ध भारत भी बन सकता है। (PM Modi on Swadeshi)

PM मोदी ने बस्तर का किया जिक्र

उन्होंने कहा कि वो पीढ़ी स्वतंत्र भारत के लिए खप गई थी और यह पीढ़ी समृद्ध भारत के लिए नए कदम उठाए, यही समय की मांग है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम स्वदेशी मजबूरी में नहीं, मजबूती के साथ उपयोग करेंगे, मजबूती के लिए उपयोग करेंगे और जरूरत पड़ी तो औरों को मजबूर करने के लिए उपयोग करेंगे। यह हमारी ताकत होनी चाहिए, हमारा मंत्र होना चाहिए। एक जमाना था, जब बस्तर को याद करते ही नक्सलवाद, माओवाद और बम-बंदूक की आवाज सुनाई देती थी। आज बस्तर नक्सलवाद और माओवाद से मुक्त हो चुका है और बस्तर के नौजवान ओलंपिक करते हैं। हजारों नौजवान जब ‘भारत माता की जय’ बोलकर मैदान में उतरते हैं, तो पूरा वातावरण उत्साह से भर जाता है। (PM Modi on Swadeshi)

140 करोड़ देशवासियों को याद रखना है: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से 50 साल पहले, भारत के संविधान का गला घोंट दिया गया था, भारत के संविधान के पीठ पर छूरा घोंप दिया गया था, देश को जेलखाना बना दिया गया था, आपातकाल लगा दिया गया था । देश की किसी भी पीढ़ी को संविधान की हत्या के इस पाप को भूलना नहीं चाहिए, संविधान की हत्या करने वाले पापियों को नहीं भूलना चाहिए। 140 करोड़ देशवासियों को याद रखना है कि – परिश्रम में जो तपा है, उसने ही तो इतिहास रचा है, जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है। समय को मोड़ देने का भी यही समय है, सही समय है। आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने बलिदान दिए हैं। स्वतंत्र भारत के लिए उन्होंने अपनी जवानी खपा दी, फांसी पर लटक गए। स्वतंत्र भारत का मंत्र लेकर जीने वालों ने हमें स्वतंत्र भारत दिया, आज 140 करोड़ देशवासियों का एक ही मंत्र होना चाहिए – समृद्ध भारत! वो पीढ़ी स्वतंत्र भारत के लिए खप गई थी, ये पीढ़ी समृद्ध भारत के लिए नए कदम उठाए, यही समय की मांग है। (PM Modi on Swadeshi)

Back to top button
error: Content is protected !!