प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्रंप को दो टूक, कहा- कभी भी कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा भारत

PM Modi on Trump: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों-इशारों में अमेरिकी राष्ट्रपति ड्रंप को दो टूक जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के किसान, मछुआरे और पशुपालकों से जुड़ी किसी भी अहितकारी नीति के आगे मोदी दीवार बनके खड़ा है। भारत अपने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के संबंध में कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि मैं बड़े अनुभव के साथ कहता हूं कि किसी दूसरे की लकीर छोटी करने के लिए, अपनी ऊर्जा हमें नहीं खपानी है। हमें पूरी ऊर्जा के साथ हमारी लकीर को लंबा करना है। अगर हम ऐसा करेंगे तो दुनिया हमारा लोहा मानेगी। आज जब वैश्विक परिस्थितियों में आर्थिक स्वार्थ दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है तो यह समय की मांग है कि हम उन संकटों पर रोने ना बैठें। हिम्मत के साथ हम अपनी लकीर को लंबी करें। अगर यह रास्ता हमने चुन लिया तो फिर कोई स्वार्थ हमें अपने चंगुल में नहीं फंसा सकता है।
यह भी पढ़ें:- Independence Day 2025 ; लाल किले से मोदी का पाकिस्तान को अल्टीमेटम, बोले – “खून और पानी साथ नहीं बहेंगे”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साल अनाज के उत्पादन में मेरे देश के किसानों ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। ये सामर्थ्य है मेरे देश का। उतनी ही जमीन लेकिन व्यवस्थाएं बदली, पानी पहुंचने लगा, अच्छे बीज मिलने लगे। आज भारत मछली उत्पादन में दुनिया में दूसरे नंबर पर है। आज भारत चावल, गेहूं, फल और सब्जी के उत्पादन में भी दूसरे नंबर पर पहुंच चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गरीबी हटाओ के नारे देश ने बहुत सुने हैं, लाल किले से भी सुने हैं। देश सुन-सुन कर थक गया था। देश ने मान लिया था कि गरीबी हट नहीं सकती है, लेकिन जब हम योजनाओं को गरीब के घर तक लेकर जाते हैं, तब मेरे देश के 25 करोड़ गरीब गरीबी को परास्त कर गरीबी से बाहर निकल कर नया इतिहास बनाते हैं। (PM Modi on Trump)
RSS के समर्पण को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं गर्व के साथ कहना चाहता हूं कि 100 साल पहले एक संगठन का जन्म हुआ – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)। राष्ट्र सेवा के 100 साल एक गौरवपूर्ण, स्वर्णिम अध्याय हैं। ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के संकल्प के साथ, मां भारती के कल्याण के उद्देश्य से, स्वयंसेवकों ने अपना जीवन मातृभूमि के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। एक तरह से RSS दुनिया का सबसे बड़ा गैर सरकारी संगठन है। इसका 100 सालों का समर्पण का इतिहास है। प्रधानमंत्री ने कहा कि षड्यंत्र के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। यह घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, घुसपैठिए देश की बहन-बेटियों को निशाना बना रहे हैं, यह बर्दाश्त नहीं होगा। (PM Modi on Trump)
घुसपैठियों को लेकर तीखा वार
उन्होंने कहा कि यह घुसपैठिए आदिवासियों को भ्रमित करके उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, यह देश सहन नहीं करेगा। जब सीमावर्ती क्षेत्र में डेमोग्राफी में परिवर्तन होता है, तब राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट पैदा होता है, देश की एकता और प्रगति के लिए संकट पैदा होता और कोई देश अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता है। हमने एक ‘हाई पावर डेमोग्राफी मिशन’ शुरु करने का निर्णय किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सुरक्षा का महत्व बहुत बड़ा है। मैं आज लाल किले की प्राचीर से कह रहा हूं कि आने वाले 10 साल में 2035 तक राष्ट्र के सभी महत्वपूर्ण स्थलों जिनमें सामरिक के साथ-साथ सिविलियन क्षेत्र भी शामिल है- जैसे अस्पताल, रेलवे, आस्था के केंद्र सभी को तकनीक के नए प्लेटफॉर्म द्वारा पूरी तरह सुरक्षा का कवच दिया जाएगा। अगले दस सालों में 2035 तक मैं इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार, सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण करना चाहता हूं। (PM Modi on Trump)



