Google Analytics —— Meta Pixel

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ के 127वें एपिसोड में देशवासियों से साझा किए कई प्रेरक संदेश

Mann Ki Baat 127th Episode : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 127वें एपिसोड (Mann Ki Baat 127th Episode) में देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने त्योहारी सीजन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति और युवा नेतृत्व पर अपने विचार साझा किए।

यह भी पढ़े :- शहबाज सरकार ने सलमान खान को आतंकवादी किया घोषित, गृह मंत्रालय ने नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया

पीएम मोदी ने कहा कि इस समय देश में दीपावली और छठ पूजा का उत्साह है। उन्होंने पत्रों के माध्यम से आए संदेशों का जिक्र करते हुए बताया कि देशवासियों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और जीएसटी बचत उत्सव में उत्साह दिखाया। उन्होंने घरेलू उत्पादों की खरीद और खाद्य तेल की खपत में कमी के लिए लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया की सराहना की।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रेरक उदाहरण साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्लास्टिक कचरे के बदले भोजन देने वाले ‘गार्बेज कैफे’ शुरू किए गए हैं। वहीं, बेंगलुरु में इंजीनियर कपिल शर्मा और उनकी टीम ने 40 कुओं और 6 झीलों का जीर्णोद्धार किया और वृक्षारोपण अभियान में स्थानीय लोगों और कॉर्पोरेट्स को शामिल किया। गुजरात के धोलेरा और कच्छ में मैंग्रोव वृक्षारोपण से समुद्री पारिस्थितिकी में सुधार हुआ, डॉल्फिन, क्रैब और प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ी। प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने भारतीय कुत्तों की नस्लों, उनके प्रशिक्षण और सुरक्षा बलों में उनकी भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने बीएसएफ और सीआरपीएफ द्वारा देशी कुत्तों को प्रशिक्षित करने और उनके नामों में भारतीयता बनाए रखने की प्रशंसा की।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय कॉफी, विशेषकर ओडिशा की कोरापुट कॉफी, और देश के अन्य हिस्सों में कॉफी की विविधता और उसके लाभ पर भी चर्चा की।

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष और इसके महत्व पर जोर दिया। उन्होंने संस्कृत भाषा और युवा पीढ़ी द्वारा इसमें किए जा रहे रोचक कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आदिवासी नायकों कोमराम भीम और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए युवा पीढ़ी से उनसे सीख लेने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat 127th Episode) के माध्यम से देशवासियों को अपने आस-पास के प्रेरक व्यक्तियों और समूहों के बारे में बताने का मौका मिलता है और सभी से ऐसे संदेश भेजने का अनुरोध किया। उन्होंने वादा किया कि अगले महीने नए विषयों के साथ फिर ‘मन की बात’ कार्यक्रम प्रसारित होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!