Google Analytics —— Meta Pixel

आज का भारत संभावनाओं के अनंत आकाश में नए अवसरों को तराश रहा: PM नरेंद्र मोदी

PM on Rudra Supercomputers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को 3 परम रुद्र सुपरकंप्यूटर और एचपीसी सिस्टम समर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी की दुनिया में भारत के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि का दिन है। 21वीं सदी का भारत कैसे विज्ञान, प्रौद्योगिकी और रिसर्च को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है। आज का दिन इसका भी प्रतिबिंब है। हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने 3 PARAM रुद्र सुपर कंप्यूटर बनाए हैं। ये सुपर कंप्यूटर दिल्ली, पुणे और कोलकाता में लगाए गए हैं। इसके अलावा दो हाई-परफॉर्मिंग कंप्यूटिंग सिस्टम का उद्घाटन भी किया गया है। इस अवसर पर मैं अपने वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और देशवासियों को बधाई देता हूं।

यह भी पढ़ें:- हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़, पोल्ट्री फॉर्म में बन रहा मां बम्लेश्वरी मंदिर का प्रसाद

उन्होंने कहा कि आज का भारत संभावनाओं के अनंत आकाश में नए अवसरों को तराश रहा है। हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने 3 परम रुद्र सुपरकंप्यूटर्स बनाए हैं। ये 3 सुपर कंप्यूटर दिल्ली, पुणे और कोलकाता में इंस्टाल किए गए हैं। आज ही देश के लिए ‘अर्का और आरुणिक’ नाम से 2 हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सिस्टम का उद्घाटन भी किया गया है। आज जिन तीन सुपर कंप्यूटर का लोकार्पण हुआ है। भौतिक विज्ञान से लेकर भू – विज्ञान और ब्रह्मांड विज्ञान तक ये उन्नत अनुसंधान में मदद करेंगे। ये वो क्षेत्र हैं, जिनमें आज का विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्व, भविष्य की दुनिया को देख रहा है।

PM मोदी ने कहा कि आज डिजिटल क्रांति के इस दौर में कंप्यूटिंग क्षमता, राष्ट्रीय क्षमता का पर्याय बनती जा रही है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जो सीधे तौर पर प्रौद्योगिकी और कंप्यूटिंग क्षमता पर निर्भर नहीं है। ये उद्योग 4.0 में भारत की सफलता का सबसे बड़ा आधार है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जो प्रौद्योगिकी और कंप्यूटिंग क्षमता पर निर्भर न हो। इस क्रांति में हमारा हिस्सा बिट्स और बाइट्स में नहीं बल्कि टेराबाइट्स और पेटाबाइट्स में होना चाहिए। इसलिए यह उपलब्धि साबित करती है कि हम सही दिशा में सही गति से आगे बढ़ रहे हैं। (PM on Rudra Supercomputers)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विज्ञान की सार्थकता सिर्फ आविष्कार और विकास में नहीं, बल्कि सबसे अंतिम व्यक्ति की आशा, आकांक्षाओं को पूरा करने में है। आज अगर हम हाई टेक हो रहे हैं तो ये भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि हमारी हाईटेक तकनीक गरीबों की ताकत बनें। आत्मनिर्भरता के लिए विज्ञान आज हमारा मंत्र बन गया है। इसके लिए हमने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की। भावी पीढ़ी की वैज्ञानिक सोच को मजबूत करने के लिए स्कूलों में 10,000 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब भी बनाई गई हैं। इसके अलावा STEM विषयों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति की राशि बढ़ाई गई है। इस वर्ष के बजट में 1 लाख करोड़ रुपये के रिसर्च फंड की भी घोषणा की गई है। हमारा प्रयास 21वीं सदी की दुनिया को इनोवेशन के जरिए सशक्त और मजबूत बनाना है। (PM on Rudra Supercomputers)

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने साल 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने का लक्ष्य रखा है। अभी कुछ दिन पहले ही सरकार ने इसके पहले चरण को मंजूरी दी है। सेमीकंडक्टर भी विकास का एक अनिवार्य तत्व बन गए हैं। इस दिशा में भी भारत सरकार ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया है। कुछ ही समय में हमें इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। भारत अपना खुद का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम बना रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के इस दौर में सुपर कंप्यूटर बहुत बड़ी भूमिका निभाएंगे। जैसे आज भारत ने अपनी स्वदेशी तकनीक से 5G नेटवर्क तैयार किया है। वैसे ही बड़ी-बड़ी कंपनियों के फोन भी भारत में बन रहे हैं। इससे डिजिटल क्रांति को पंख लगे हैं। साथ ही, इस तकनीक से देश के लोगों को भी लाभ हुआ है। (PM on Rudra Supercomputers)

Back to top button
error: Content is protected !!