देश में हुनर की कोई इज्जत नहीं, जातिगत जनगणना मेरे लिए मिशन: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi in Prayagraj: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में संविधान सम्मान सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मैं रायबरेली गया था। वहां मुझे मोची की दुकान दिखी, इसलिए मैं वहां बैठ गया। मैं समझना चाहता था कि आखिर वो कैसे काम करते हैं। बातचीत में उन्होंने बताया कि राहुल जी जिंदगी में सिर्फ मेरे पिता ने मेरी इज्जत की और किसी ने इज्जत नहीं दी। ये सुनने के बाद मैं सोच रहा था कि इतना हुनर होने के बाद भी इन्हें किसी ने इज्जत नहीं दी। देश में ऐसे हजारों लोग हैं, जिनके साथ ऐसा हर रोज हो रहा है।
यह भी पढ़ें:- केंद्रीय गृहमंत्री ने की नक्सलवाद के खिलाफ साय सरकार के अभियान की तारीफ, पढ़ें पूरी खबर
राहुल गांधी ने कहा कि जैसे गाड़ी के इंजन में सिलेंडर होते हैं। वैसे ही माना कि हिंदुस्तान के इंजन में 10 सिलेंडर हैं, लेकिन काम सिर्फ एक सिलेंडर कर रहा है। यानी 90% लोगों की सिस्टम में कोई भागीदारी नहीं है, फिर भी हम कहते हैं कि देश सुपर पॉवर बन जाएगा। इसलिए हमने जातिगत जनगणना की बात उठाई है, ताकि लोगों को उनकी भागीदारी मिल सके। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को संविधान की ताकत दिखा दी। इस देश में हुनर की इज्जत है ही नहीं। ये देश की सच्चाई है। (Rahul Gandhi in Prayagraj)
देश का संविधान हमारा स्वाभिमान: राहुल
उन्होंने कहा कि देश का संविधान हमारा स्वाभिमान है। समानता, सम्मान और अधिकारों का रक्षक है। दुनिया की कोई ताकत इसे मिटा नहीं सकती। जातिगत जनगणना मेरे लिए राजनीति नहीं, ये मेरा मिशन है। मुझे मोची भाई ने बताया कि मोदी सरकार ने एक नया प्रोग्राम शुरू किया है। हमें वहां ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया, लेकिन हम उनके ही ट्रेनर को सिखा कर वापस आ गए। क्योंकि हम तो 40 साल से मोची का काम कर रहे हैं। आज देश में चाहे नाई, बढ़ई, प्लंबर, मोची हो या किसान- सबके पास ज्ञान है.. सबके हाथ में हुनर है, लेकिन सिस्टम में इनसे कोई बात ही नहीं करता। (Rahul Gandhi in Prayagraj)
जातिगत जनगणना सिर्फ जनगणना नहीं: राहुल
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लिए जातिगत जनगणना सिर्फ जनगणना नहीं है, बल्कि ये पॉलिसी मेकिंग की नींव है। जातिगत जनगणना से आबादी पता लगेगी, जो जरूरी कदम है, क्योंकि भागीदारी से पहले आबादी पता होनी चाहिए। लेकिन आबादी पता होना भी अंतिम कदम नहीं है। मेरा विजन है कि हिंदुस्तान में धन किस प्रकार से बांटा जा रहा है। साथ ही हिंदुस्तान की संस्थाओं में किसकी कितनी भागीदारी है। देश के 500 सबसे बड़े उद्योगपतियों की लिस्ट में एक भी दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग का व्यक्ति नहीं दिखेगा। (Rahul Gandhi in Prayagraj)
मीडिया देश के 90% लोगों के मुद्दे नहीं उठाता: राहुल
राहुल ने कहा कि ज्यूडिशरी, कॉर्पोरेट और मीडिया सेक्टर में भी यही हाल है। इसीलिए मैंने कहा कि जातिगत जनगणना हमारे लिए सिर्फ गिनती नहीं है, ये हमारे लिए पॉलिसी फ्रेमवर्क है। मीडिया देश के 90% लोगों के मुद्दे नहीं उठाता। लिख कर रख लो- जातिगत जनगणना होगी। सोशल इकोनॉमिक सर्वे होगा। इंस्टीट्यूशनल सर्वे होगा। आरक्षण में 50% की सीमा खत्म होगी। हिंदुस्तान के लोगों को संविधान से ही उनका अधिकार मिला है। संविधान हिंदुस्तान के लोगों की आवाज है। हम इसकी रक्षा करते रहेंगे। भाजपा कह रही है कि वे जाति जनगणना करवाएंगे और उसमें ओबीसी वर्ग को शामिल करेंगे। (Rahul Gandhi in Prayagraj)
पॉलिसी मेकिंग का फाउंडेशन: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि अलग-अलग समुदाय हैं और हम उन सभी की सूची चाहते हैं। हमारे लिए यह सिर्फ जनगणना नहीं है, हमारे लिए यह पॉलिसी मेकिंग का फाउंडेशन है। मीडिया में आपको दिखेगा कि वे बॉलीवूड की बात करेंगे… जो आपके साथ हो रहा है वह सबसे ज्यादा खराब है, आप पर तो सीधा हमला हो रहा है। मैंने मिस इंडिया की लिस्ट निकाली कि इसमें तो एक दलित या आदिवासी महिला होगी लेकिन न दलित, न आदिवासी न OBC कोई नहीं है। फिर भी मीडिया में नाच-गाना, क्रिकेट, बॉलीवुड की बात होती है लेकिन किसानों, मजदूरों की बात नहीं होती है। (Rahul Gandhi in Prayagraj)



