Google Analytics —— Meta Pixel

वोटिंग में लोगों का भरोसा खत्म हो रहा है, उस भरोसे को तुरंत फिर से जगाने की जरूरत: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul on Modi Shah: कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में करीब 55 मिनट तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत में ‘एंटी-इनकंबेंसी’ यानी सत्ता-विरोधी लहर नाम की एक बुनियादी ताकत होती है, जो किसी भी सरकार के खिलाफ काम करने लगती है। यह किसी को नहीं छोड़ती। इंदिरा गांधी जी ने बांग्लादेश युद्ध जीता था और वे बेहद लोकप्रिय थीं, फिर भी एक-दो साल के भीतर ही उनके खिलाफ जबरदस्त एंटी-इनकंबेंसी पैदा हो गई थी। ऐसा हर पार्टी के साथ होता है, चाहे वह क्षेत्रीय हो या राष्ट्रीय, लेकिन किसी तरह नरेंद्र मोदी, शाह और बीजेपी के साथ ऐसा कभी नहीं होता। हम किसी व्यक्ति की लोकप्रियता और सरकार के कामकाज को तो समझ सकते हैं, लेकिन यह समझ नहीं पाते कि एंटी-इनकंबेंसी कैसे गायब हो जाती है।

यह भी पढ़ें:- अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हुआ विस्तार, विष्णु राम साहू बने कार्यकारी अध्यक्ष, देवेंद्र कुमार साहू संयुक्त सचिव बनाए गए

उन्होंने कहा कि वोट हमारे देश की नींव है, क्योंकि वोट से ही हमारे संविधान को अपनी ताकत मिलती है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। संविधान से हमारे कानून बनते हैं और कानूनों से हमारी संस्थाएं बनती हैं। अगर वोट का अधिकार खत्म कर दिया गया तो संविधान, कानून और संस्थाओं का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। यह एक कड़ी है। यह कड़ी ही आधुनिक भारत की पहचान है। इसलिए यहां मुख्य सवाल यह है कि यह सिर्फ वोट पर हमला नहीं है। यह उस सोच, उस बुनियादी ढांचे और हर भारतीय की अभिव्यक्ति पर हमला है। ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। हम भारत में लोकतंत्र को बर्बाद होते हुए देखकर चुप नहीं बैठेंगे और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी। दोनों चुनाव आयुक्तों ने समझदारी भरा काम किया है और मैं इसकी तारीफ करता हूं। ज्ञानेश कुमार को अपनी स्थिति के बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए और उन्हें सरकारी गवाह बन जाना चाहिए। उन्हें मेरी यही सलाह है। यह देशभक्ति का काम होगा।

मोदी और शाह साजिश के केंद्र में: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह दोनों ही इस साजिश के केंद्र में हैं और उन्होंने इस देश के साथ जो किया है, उसके लिए उनकी जांच की जाएगी। यह भारतीय राज्य और भारत के लोगों के खिलाफ एक काम है। जब ऐसा हो रहा है तो हम चुप नहीं रह सकते। नरेंद्र मोदी, अमित शाह कहते हैं कि आने वाले कई साल तक देश में BJP की सरकार रहेगी। मैं करीब 50 साल से राजनीति देख रहा हूं, लेकिन कोई भी नेता ऐसी बातें नहीं कह सकता। इंदिरा गांधी जी ने बांग्लादेश का युद्ध जीता, उसके बावजूद अगले कुछ साल में ‘एंटी-इनकंबेंसी’ हो गई। देश के कई प्रधानमंत्रियों-मुख्यमंत्रियों को इसका सामना करना पड़ा। ‘एंटी-इनकंबेंसी’ हिंदुस्तान की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है, लेकिन ये ताकत नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर असर क्यों नहीं करती- इसका जवाब दो इलेक्शन कमिश्नर्स सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने दे दिया है। (Rahul on Modi Shah)

कानून चोरी से संस्था चोरी होती है: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देशद्रोहियों को सजा मिलेगी, जो व्यक्ति वोट पर हमला करता है और भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों को पूरी तरह से नष्ट कर देता है, वह देशद्रोही से कम नहीं है। सच तो यह है कि इस देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भारत के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला किया है और उसे नष्ट कर दिया है। वोट चोरी के दो हथियार हैं। पहला- SIR और दूसरा- EVM। BJP इन दोनों तरीकों से वोट चोरी कर रही है। भारत में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में धांधली हो रही है। ज्ञानेश कुमार को नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने चुना था और अब दो चुनाव आयुक्त कह रहे हैं कि हमारी वोटिंग व्यवस्था में जो गड़बड़ी और नुकसान हुआ है, उसके लिए वही जिम्मेदार हैं। वोट चोरी से कानून चोरी होती है, क्योंकि अगर वोट चोरी हो जाए तो कानूनी ढांचा खत्म हो जाता है। कानून चोरी से संस्था चोरी होती है और यही सिलसिला चलता रहता है। (Rahul on Modi Shah)

2024 का लोकसभा चुनाव पूरी तरह से फेक था: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि अगर वोट चोरी किए जाते हैं और संसद में पहुंचने वाले सांसद चोरी किए गए वोटों के आधार पर वहां पहुंचे हैं तो उनके बनाए गए कानून और उनके द्वारा किए गए संस्थागत बदलाव भी गैर-कानूनी होते हैं। BJP, नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान के वोटिंग सिस्टम को खत्म करेंगे तो कांग्रेस और विपक्ष खामोश नहीं बैठेगा। याद रहे- देशद्रोहियों को सजा जरूर मिलेगी। ज्ञानेश कुमार अपना गुनाह मान लें और वोट चोरी के गवाह बन जाएं। देश जान चुका है कि उनका वोट नष्ट कर दिया गया है। देश के खिलाफ ये साजिश रचने वालों को हम सब जानते हैं। साजिशकर्ताओं ने वोट चोरी की। वोट चोरी से कानून चोरी किए गए। देश की संस्थाएं चोरी कर ली गईं। फिर संस्थाओं में RSS के लोग भर दिए गए। इतना ही नहीं- वोट चोरी के बाद जो कानून बनाए गए, वो गैरकानूनी हैं और उनका कोई मतलब नहीं है। 2024 का लोकसभा चुनाव पूरी तरह से फेक था। उसके पहले के चुनाव भी पूरी तरह से फेक थे। विधानसभा के चुनावों में भी चोरी की गई थी।

भारत में अब वोट का कोई अस्तित्व नहीं: सांसद राहुल

राहुल ने कहा कि सच सामने आ गया है। मैं तीन साल से वोट चोरी की बात कर रहा हूं और हर बार मैंने सबूत दिए हैं। दिसंबर 2023 में प्रधानमंत्री मोदी एक नया कानून बनाते हैं, जो ज्ञानेश कुमार को इम्यूनिटी देता है, क्योंकि ज्ञानेश कुमार मोदी के लिए काम कर रहे थे। 21 दिसंबर 2023 को CEC को छूट देने के लिए कानून बना। 7 फरवरी 2025 को मैंने महाराष्ट्र में वोट चोरी से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। 17 फरवरी 2025 को ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को लेकर मैंने प्रधानमंत्री को डिसेंट नोट भेजा, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया। 7 अगस्त 2025 को मैंने महादेवपुरा में हुई वोट चोरी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। 16 अगस्त 2025 से 1 सितंबर 2025 के बीच हमने वोटर अधिकार यात्र’ की, जिसमें हमने वोट चोरी के मुद्दे को उठाया। 18 सितंबर 2025 को मैंने आलंद में हुई वोट चोरी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि सेंट्रलाइज्ड तरीके से वोट चोरी हो रही है। 28 अक्टूबर 2025 से बाकी दो चुनाव आयुक्तों ने चिट्ठियां लिखना शुरू की। 5 नवंबर 2025 को हमने हरियाणा वोट चोरी से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आखिर में 23 सितंबर 2026 को इंडियन एक्सप्रेस में एक्सपोज आया, जिसमें बताया गया कि दो चुनाव आयुक्तों ने चुनाव आयोग के कई फैसलों को लेकर 10 महीने में 14 बार आपत्ति दर्ज कराई। अब दोनों चुनाव आयुक्तों ने यह बात सार्वजनिक कर दी है। दोनों चुनाव आयुक्तों ने कहा कि भारत में अब वोट का कोई अस्तित्व नहीं है।

हमारे चुनाव पूरी तरह से गड़बड़ा गए: राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि इसके लिए ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं और उन्हें भारत के प्रधानमंत्री ने नियुक्त किया था। उनके पत्रों को नजरअंदाज किए जाने का कारण यह था कि ज्ञानेश कुमार को प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और अन्य लोगों का संरक्षण प्राप्त था। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि इस देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भारत के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला किया है और उसे नष्ट कर दिया है। देशद्रोहियों को सजा दी जाएगी, जो व्यक्ति वोट पर हमला करता है और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को पूरी तरह से नष्ट कर देता है, वह देशद्रोही से कम नहीं है। 1947 के बाद से हम कभी ऐसी स्थिति में नहीं रहे हैं, जहां हमारे चुनाव पूरी तरह से गड़बड़ा गए हों, संसद से पास कानूनों पर सवाल उठ रहे हों, क्योंकि वोटिंग प्रक्रिया ही खत्म हो गई हो और संस्थानों पर कब्जे को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हों। आजाद भारत के इतिहास में यह पहली बार है, जब भारत इस मोड़ पर पहुंचा है। इस अपराध के लिए मोदी और शाह की जांच होगी। भारत की जनता, कांग्रेस पार्टी और विपक्ष की ओर से यह मेरा वादा है। चाहे कुछ भी हो जाए, हम इस अपराध को बिना जवाबदेही के नहीं रहने देंगे।

BJP के लिए बहुमत हासिल करना मुश्किल: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी के मामले में हमने जो बातें कही थीं, उन्हें अब दो चुनाव आयुक्तों ने भी मान लिया है। पहले इस संस्था ने हमारे दावों को नकार दिया था। अब उन्होंने उन्हें स्वीकार कर लिया है और कहा है कि पिछले तीन सालों से मैं जो कह रहा था, वह सच है और ज्ञानेश कुमार चुनाव में धांधली करने में मदद कर रहे हैं। चुनाव आयोग का वोटर लिस्ट पर से नियंत्रण खत्म हो गया है, जो वोटर लिस्ट कभी साफ-सुथरी और सही ढंग से तैयार की गई थी, वह अब खराब और बर्बाद हो चुकी है। लोगों के नाम हटाए गए हैं, नए नाम जोड़े गए हैं और पूरी तरह से अव्यवस्था फैली हुई है। लोगों की खुलकर राय जाहिर करने की वजह से BJP के लिए उस तरह का बहुमत हासिल करना मुश्किल होता जा रहा है, जैसा उन्हें पहले मिलता था। देशभर में लोग भारत में चुनावों की वैधता पर सवाल उठा रहे हैं और वोटिंग में लोगों का भरोसा अब खत्म हो रहा है। उस भरोसे को तुरंत फिर से जगाने की जरूरत है। (Rahul on Modi Shah)

Back to top button
error: Content is protected !!