Raigarh contractor blacklisted: घटिया सड़क निर्माण पर सख्ती, रायगढ़ में ठेकेदार ब्लैक लिस्टेड, 23 लाख की अमानत राशि राजसात

Raigarh contractor blacklisted: रायगढ़। शहर में घटिया सड़क निर्माण को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड क्रमांक 47 में खराब सड़क निर्माण के जिम्मेदार ठेकेदार कृष्ण बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड को नगर निगम ने एक वर्ष के लिए ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। साथ ही फर्म के द्वारा निविदा के तहत जमा की गई 23 लाख रुपए की अमानत राशि को राजसात करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
घटिया निर्माण के बाद भी नहीं की मरम्मत
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, कृष्ण बिल्डकॉन ने बाइर दादर चौक से विजयपुर चौक और कृष्ण वैली से इंदिरा विहार कॉलोनी तक डामरीकृत सड़क निर्माण का कार्य किया था। यह सड़क कुछ ही महीनों में टूट-फूट गई और जगह-जगह गड्ढे बन गए।
नगर निगम ने सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए संबंधित फर्म को नोटिस जारी कर मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया था। मगर बार-बार चेतावनी देने के बावजूद फर्म ने मरम्मत नहीं की। इसके बाद निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड कर दिया। (Raigarh contractor blacklisted)
गुणवत्ताविहीन कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई ठेकेदार तय मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करता है, तो उसके खिलाफ वित्तीय कार्रवाई के साथ अनुबंध समाप्त किया जाएगा और फर्म को ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा।
आयुक्त ने यह भी कहा कि रायगढ़ नगर निगम पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है, और ऐसे में घटिया निर्माण करने वाली एजेंसियों को सख्त संदेश दिया जा रहा है।(Raigarh contractor blacklisted)
भविष्य में भी होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम ने अन्य निर्माण एजेंसियों को भी चेतावनी दी है कि वे तय तकनीकी मापदंडों का पालन करें। समय पर मरम्मत और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, जिससे जनता को असुविधा न हो। (Raigarh contractor blacklisted)



