Raipur loan shark case : सूदखोर तोमर ब्रदर्स की गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम, पुलिस ने बताया समाज के लिए खतरनाक

Raipur loan shark case : रायपुर पुलिस ने सूदखोरी और अवैध वसूली के आरोप में फरार चल रहे तोमर भाइयों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए ₹5000 के इनाम की घोषणा की है। रायपुर के एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पिछले 21 दिनों से फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि ये दोनों भविष्य में किसी गंभीर किस्म के अपराध को अंजाम दे सकते हैं, इसलिए इनकी गिरफ्तारी जरूरी है।
पुलिस की दो से तीन टीमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आरोपियों की तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक उनका कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। दोनों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए हैं। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम और बीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें :- Jagannath Rath Yatra Kashi : काशी में जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने किए रथ पर भगवान के दर्शन
विस्टो फाइनेंस के नाम पर अवैध वसूली
पुलिस जांच में सामने आया है कि तोमर ब्रदर्स ने विस्टो फाइनेंस नाम से एक ग्रुप बनाकर ब्याज पर अवैध रूप से पैसा देना और वसूली करना शुरू किया था। ग्रुप का संचालन बंटी सहारे नाम का व्यक्ति करता था, जो पिछले दो सालों से वसूली मैनेजर के रूप में काम कर रहा था। उसने बताया कि उसने व्हाट्सऐप पर ग्रुप बनाकर ब्याज वसूली का हिसाब रखा और जो लोग समय पर पैसा नहीं चुकाते थे, उन्हें तोमर ब्रदर्स धमकाते थे। (Raipur loan shark case)
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
अब तक पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बंटी सहारे (36) और जितेंद्र देवांगन उर्फ मोनू (24) शामिल हैं। दोनों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। (Raipur loan shark case)
कोर्ट से जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू
पुरानी बस्ती के सीएसपी राजेश देवांगन ने बताया कि तोमर ब्रदर्स के घर से कैश, दस्तावेज और हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आयकर विभाग और नगर निगम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उनके खिलाफ दर्ज पूर्व मामलों में कोर्ट को पत्र लिखकर उनकी जमानत निरस्त करने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। (Raipur loan shark case)



