अवर्षा से सूख रही धान की फसल, नहर में पानी छोड़ने की मांग तेज – 15 अगस्त को चक्काजाम की चेतावनी

रायपुर/आरंग। लगातार अवर्षा और सिंचाई के पानी की कमी से धान की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है। खेतों में निंदाई-गुड़ाई का काम थम चुका है और धान के पौधे मुरझाने लगे हैं। इस संकट से परेशान किसानों ने सोमवार को एसडीएम आरंग के माध्यम से जिलाधीश रायपुर को ज्ञापन सौंपकर गंगरेल बांध से नहर में तत्काल पानी छोड़ने की मांग की।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर नहर में पानी नहीं छोड़ा गया, तो 15 अगस्त को वे रसनी टोल नाका प्लाजा (फोर लेन) पर धरना-प्रदर्शन कर चक्काजाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

किसानों का कहना है कि गंगरेल बांध इस समय 78% भरा हुआ है, फिर भी नहर सूखी पड़ी है। खेतों में पानी न पहुंचने से फसल पूरी तरह बर्बाद होने का खतरा है।
जिला पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत रसनी के प्रगतिशील किसान वतन चन्द्राकर ने कहा—
“हमने कई बार प्रशासन के दरवाजे खटखटाए हैं, लेकिन समाधान नहीं मिला। बांध में पानी भरा है और खेत प्यासे हैं। अगर जल्द पानी नहीं छोड़ा गया, तो इलाके में धान की फसल चौपट हो जाएगी और किसान भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे।”
रीवा के किसान दौलत साहू ने कहा कि धान के पौधों को इस समय पानी की सख्त जरूरत है, एक दिन की भी देरी मेहनत और सालभर की उम्मीद बर्बाद कर सकती है। फरफौद के किसान गोविंद चन्द्राकर ने बताया कि पौधे पानी के बिना पीले पड़ने लगे हैं, बोआई पर लगाया गया मेहनताना डूबने की कगार पर है।
रीवा के सरपंच घसिया राम साहू ने कहा कि खाद, बीज और मजदूरी पर हजारों रुपये खर्च कर चुके हैं, लेकिन पानी के बिना फसल बचाना नामुमकिन है।
बरछा के किसान उत्तम टण्डन ने चेतावनी दी कि पानी नहीं छोड़ा गया तो धरना ही आखिरी विकल्प बचेगा।
खौली के किसान हिरेश चन्द्राकर ने बताया कि नहर में पानी न आने से मजदूरों का काम बंद हो गया है और घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
किसान श्रवण चन्द्राकर ने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिला, अब धरना देकर ही बात शासन तक पहुंचाएंगे।
रीवा के किसान नेता द्वारिका साहू ने कहा- “बांध में पानी भरा है, लेकिन खेत प्यासे हैं… यह किसानों के साथ अन्याय है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि हालात की गंभीरता को देखते हुए नहर में तुरंत पानी छोड़ा जाए, ताकि मेहनत और फसल दोनों बचाई जा सकें।



