जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में खाई में गिरी बस, 15 की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Road Accident in Udhampur: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 20 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास हुआ, जब एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पहाड़ से नीचे जा गिरी। जानकारी के मुताबिक बस एक दूरदराज गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी सड़क पर एक खतरनाक मोड़ लेते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सीधे 100 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गई।
यह भी पढ़ें:- बस्तर के लिए खुलेगा वैश्विक द्वार, 4 घंटे में पूरा होगा समंदर तक का सफर
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव अभियान तेज कर दिया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की स्थिति बेहद गंभीर है। (Road Accident in Udhampur)

हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर पहाड़ी मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है। (Road Accident in Udhampur)



