संसद की कार्यवाही ठप होने पर सियासी संग्राम, विपक्ष ने कहा- सरकार दबा रही आवाज, भाजपा ने कहा- कांग्रेस की जिद से नहीं चल पा रहा सदन

Ruling Party Vs Opposition: संसद की कार्यवाही लगातार बाधित होने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने सरकार पर सदन जानबूझकर न चलने देने और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा और NDA सांसदों ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस और विपक्ष सकारात्मक चर्चा से भाग रहे हैं और मर्यादा तोड़ रहे हैं। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि यह बहुत निराशाजनक है कि इस तरह की नॉन-फंक्शनिंग जारी है, हमने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा नहीं की और ऐसा लग नहीं रहा कि हम बजट पर अपनी चर्चा शुरू कर पाएंगे। यह बहुत निराशाजनक है।
यह भी पढ़ें:- लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा- मेरी बातों की वजह से डरे हुए हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि सभी विपक्ष के नेता बोलने और अपनी बात रखने का मौका मांग रहे हैं और सरकार एक सेंसर बोर्ड की तरह व्यवहार कर रही है, जो भाषण की अनुमति देने से पहले स्क्रिप्ट पहले से चाहती है। हम सभी खुद को वंचित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि सदन चले। सरकार लगातार सदन की उपेक्षा कर रही है। हम मांग कर रहे हैं कि सदन चले। तमाम जरूरी मुद्दे हैं। देश की जनता चाहती है कि बजट, भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर बहस होनी चाहिए। (Ruling Party Vs Opposition)
इस समय सदन का चलना राष्ट्रहित में है: अवधेश
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार नहीं चाहती और इस समय सदन का चलना राष्ट्रहित में है। अमेरिका से डील नहीं ढील हुई है। हमारे देश के कृषि पर बुरा असर पड़ेगा, हमारी मार्केट पर बुरा असर पड़ेगा। देश की समस्या, सीमा, सुरक्षा के बारे में चर्चा के लिए इससे बड़ा मंच नहीं हो सकता है। समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन ने कहा कि लोकसभा को सरकार ही चलने नहीं देना चाहती। बार-बार जो सदन को स्थगित किया जा रहा है, आज सबका बजट पर चर्चा करने का मन था। नेता प्रतिपक्ष अगर कुछ बोलना चाहते हैं तो उन्हें बोलने दिया जाए। क्यों इस तरह विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है यह बहुत गंभीर विषय है। सरकार चारों ओर से घिरी हुई है इसलिए चर्चा नहीं चाहती। (Ruling Party Vs Opposition)
इनकी चलाने की मंशा नहीं थी: सपा सांसद इकरा
सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि आज सदन चल सकता था, लेकिन इनकी चलाने की मंशा नहीं थी। स्पीकर सदन के सरंक्षक हैं, मेरी उनसे यही गुजारिश है कि विपक्ष को अपनी बात रखने का मौका दें। सवाल होने जरूरी है अगर लोकतंत्र को हमें जिंदा रखना है इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी स्पीकर की है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि सरकार के पास विपक्ष के सवालों के जवाब नहीं है। इसलिए वे टाल रहे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सत्ता पक्ष ने संसद में तमाशा बनाया हुआ है। वो विपक्ष के नेता को बिलकुल सुनना नहीं चाहते। वो विपक्ष के नेता को बोलने नहीं देना चाहते।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया है। साथ ही कहा है कि मैंने स्पीकर के सामने कांग्रेस पार्टी को प्रतिबद्धता दी थी कि अगर कांग्रेस सदन को सामान्य रूप से चलने देने पर सहमत होती है, तो हम कांग्रेस और दूसरी पार्टियों को इस बारे में बोलने देंगे कि सदन कैसे चलाया जाए। मैं ऐसी स्थिति से सहमत नहीं हो सकता जहां राहुल गांधी बोलें और आरोप लगाएं, हंगामा करें और फिर दूसरों को बोलने न दें। अगर कांग्रेस बोलेगी, तो हम दूसरे सदस्यों को भी बोलने देंगे। (Ruling Party Vs Opposition)
विपक्ष ने स्पीकर के पद का अपमान किया: रिजिजू
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्षी पार्टियों की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाने पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वे प्रस्ताव ला सकते हैं, लेकिन उनके पास संख्या नहीं हैं। उन्होंने स्पीकर के पद का अपमान किया और अधिकारियों की टेबल पर चढ़ गए। हम स्पीकर से कार्रवाई करने के लिए कह सकते थे। मैं स्पीकर से किसी खास कार्रवाई के लिए नहीं कह रहा हूं। भाजपा सांसद और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी बहुत आरोप लगा चुके हैं, राहुल गांधी ने बहुत बोला है, लेकिन नतीजा क्या है ? राहुल गांधी एक वरिष्ठ राजनेता हैं, नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि कैसे मर्यादा का स्तर बनाए रखना चाहिए। वे सारी हदें पार चुके हैं। लोकतंत्र में जनता ही अंतिम फैसला लेती है। राहुल गांधी क्या बोल रहे हैं वह लोग देख रहे हैं और भाजपा, NDA का क्या पक्ष है वह भी लोग देख रहे हैं और इसपर फैसला देंगे।
विपक्ष के लोग राष्ट्र हित में काम नहीं कर रहे: विवेक ठाकुर
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि दुर्भाग्य है कि कांग्रेस किसी सकारात्मक सोच के साथ समाज के बारे में बात रखना ही नहीं चाहती और न करना चाहती है, ये लोग राष्ट्र हित में काम नहीं कर रहे। इसलिए इनकी यह जो जिद है कि हम सदन नहीं चलने देंगे, स्पीकर ने स्पष्ट रूप से कहा कि आपको जो बोलना है आप बजट भाषण के दौरान बोलें सदन तो चलने दें, लेकिन ये अपनी बात पर अड़े हैं यह दुर्भाग्यपूर्ण है। ये लोग सदन चलने नहीं देना चाहते, क्योंकि इन्हें पता है कि इनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। (Ruling Party Vs Opposition)
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं: जीतन राम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। बिना मुद्दे के सुर्खियों में रहने के लिए इस तरह के कदम उठा रहे हैं। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस समाज के बारे में सकारात्मक सोच के साथ बात भी नहीं करना चाहती। ये लोग राष्ट्रहित में काम नहीं कर रहे हैं। इसीलिए उनकी हठधर्मिता है कि वे सदन को चलने नहीं देंगे। अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आपको जो कुछ भी कहना है, बजट भाषण के दौरान कहिए, सदन को चलने दीजिए, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े हुए हैं, यह खेदजनक है। ये लोग सदन को चलने नहीं देना चाहते क्योंकि वे जानते हैं कि उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।



