Google Analytics —— Meta Pixel

साय कैबिनेट विस्तार के बीच दिग्गजों की बढ़ी नाराजगी, भीतरखाने लामबंदी भी शुरू

Sai Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, कैबिनेट में वरिष्ठ विधायकों को किनारे कर नए चेहरों को मौका दिए जाने की चर्चा है, जिसने भाजपा के भीतर खींचतान को और बढ़ा दिया है। राजनीतिक गलियारों में यह जोर-शोर से चर्चा है कि इस बार कुछ वरिष्ठ और अनुभवी विधायकों को मंत्री पद से दूर रखा जा सकता है। पार्टी संगठन और नेतृत्व नए चेहरों को आगे बढ़ाकर संतुलन साधना चाहता है, जिसकी वजह से कई दिग्गज विधायकों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि दिग्गजों ने भीतरखाने अपनी लामबंदी भी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कल होगा मंत्रिमंडल का विस्तार !, सुबह 11 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण संभव

मंत्रिमंडल विस्तार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संगठन के सामने सबसे बड़ी चुनौती जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण है। भाजपा नेतृत्व यह सुनिश्चित करना चाहता है कि पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और सामान्य वर्ग को प्रतिनिधित्व मिले। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट के बीच कुछ वरिष्ठ विधायक खुद को हाशिये पर महसूस कर रहे हैं। इनमें से कई विधायक संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन नए चेहरों को प्राथमिकता देने की रणनीति से ये नेता असहज बताए जा रहे हैं। (Sai Cabinet Expansion)

भाजपा खेमे में अब यह चिंता भी बढ़ रही है कि नाराज दिग्गजों की लामबंदी सरकार और संगठन के बीच तालमेल को प्रभावित कर सकती है। इधर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का दिल्ली दौरा भी खास माना जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। साथ ही तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि दिल्ली प्रवास के दौरान संसद भवन में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा के नव निर्मित भवन लोकार्पण के लिए सादर आमंत्रित किया। प्रदेश के रजत जयंती वर्ष में हमारी विधानसभा अपने नए भवन में प्रवेश करेगी और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से विधानसभा का लोकार्पण हम सभी विधानसभा सदस्यों के लिए गौरव का दिवस बनेगा। (Sai Cabinet Expansion)

इधर, PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि गुटबाजी के चलते मंत्रिमंडल विस्तार में लगातार देरी हो रही है। बताया जा रहा है कि तीन सीनियर विधायकों ने इस्तीफा देने की धमकी तक दे दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि कहीं इसी धमकी की वजह से मंत्रिमंडल विस्तार टल तो नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह अपने करीबी को मंत्री बनाने की कवायद में दिल्ली गए हुए हैं। चर्चा है कि नए चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में वरिष्ठ विधायकों की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब वरिष्ठ विधायकों का क्या होगा। नए मंत्री बनते ही सरकार की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। (Sai Cabinet Expansion)

Back to top button
error: Content is protected !!