स्कूल फेयरवेल बना खतरे का जश्न, सड़क से लेकर स्कूल परिसर तक लापरवाही का तांडव, स्टंटबाज बने स्टूडेंट्स

School Students Stunts: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से स्कूली छात्रों की खतरनाक लापरवाही के वीडियो सामने आ रहे हैं। फेयरवेल जैसे खुशी के मौके पर जश्न मनाने का तरीका अब सवालों के घेरे में है। कहीं सड़क पर ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है तो कहीं स्कूल परिसर ही स्टंटबाजी का अड्डा बन गया। ये तस्वीरें न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। पहला मामला कांकेर जिले के पखांजूर का है, जहां एक निजी स्कूल के छात्रों का फेयरवेल जश्न अब चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान, कांग्रेस का आरोप-जानबूझकर काटे गए मुस्लिम वोटर्स के नाम, भाजपा ने किया पलटवार
खुशी के इस मौके पर छात्रों ने सड़क पर चलती गाड़ियों में खड़े होकर जश्न मनाया। छात्र कार के सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर हाथ हिलाते दिखे। कई छात्र बिना सीट बेल्ट के चलती गाड़ियों में खड़े मिले और गाड़ियां काफिले के रूप में सड़क पर दौड़ती दिखाई दी। यह न सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। दूसरा मामला कवर्धा से सामने आया है, जहां एक बार फिर खतरनाक लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह होली किंगडम स्कूल के छात्र हैं। वीडियो में कुछ बच्चे तेज रफ्तार कार के दरवाजे से बाहर लटककर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये बच्चे खुद वाहन चलाकर फेयरवेल कार्यक्रम में जा रहे थे। (School Students Stunts)
यह न सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन चलाने का गंभीर मामला भी है। सवाल उठता है कि इन बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति किसने दी और अभिभावकों की जिम्मेदारी कहां है। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल भी इसी स्कूल से ऐसे ही लापरवाही के मामले सामने आ चुके हैं। तीसरी और सबसे चौंकाने वाली तस्वीरें बिलासपुर से आई हैं, जहां स्कूल की विदाई पार्टी खुशी की बजाय खतरे का कारण बन गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान रील बनाने के जुनून में छात्र कार और ट्रैक्टर लेकर सीधे शाला परिसर में घुस गए। तेज रफ्तार में स्टंट करते वाहनों के बीच अचानक कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई। (School Students Stunts)
सुरक्षा से समझौता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय प्राचार्य आरके पांडे और शिक्षक स्कूल में मौजूद थे, इसके बावजूद छात्रों को रोकने की कोई ठोस कोशिश नजर नहीं आई। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फेयरवेल की खुशी अपनी जगह है, लेकिन सुरक्षा से समझौता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं। सवाल यह है कि क्या स्कूल प्रबंधन और अभिभावक बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दे पाएंगे ? और क्या प्रशासन ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में खुशी का जश्न किसी बड़े हादसे में न बदले।



