Google Analytics —— Meta Pixel

शहीद वीर नारायण सिंह शहादत दिवस पर विशेष: सोनाखान के मोर ललहु माटी, सुरता आथे हम ला, वीर नारायण ला कहां लुका देस, वापिस कर दे हम ला…

सोनाखान से पोषण कुमार साहू: सोनाखान की वीरभूमि से आज फिर वही गर्जना सुनाई दे रही है। “वीर नारायण सिंह अमर रहें… अमर रहें…”।  (Shaheed Veer Narayan Singh) ललहु माटी से उठती यह हुंकार केवल नारा नहीं, बल्कि उस आत्मबल की गूंज है, जो छत्तीसगढ़ के पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह ने जन-जन के हृदय में प्रवाहित किया था। उनकी शहादत की गाथा गाते हुए लोग भावुक हैं, आंखें नम हैं और मन गर्व से भरा हुआ। वीर नारायण सिंह केवल एक नाम नहीं, वे अन्याय के विरुद्ध खड़े आदिवासी चेतना के प्रतीक हैं। 19वीं सदी में अंग्रेजी हुकूमत और जमींदारी शोषण के दौर में, जब अकाल से जनता त्रस्त थी, तब वीर नारायण सिंह ने मानवता का झंडा बुलंद किया।

यह भी पढ़ें:- शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान, आत्मगौरव, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक: मुख्यमंत्री साय

उन्होंने सोनाखान के अनाज भंडार को भूखे लोगों के लिए खोल दिया। यह कदम शोषण के विरुद्ध खुली चुनौती था। अंग्रेजी सत्ता को यह स्वीकार्य नहीं हुआ। परिणामस्वरूप उन पर मुकदमे थोपे गए, उन्हें गिरफ्तार किया गया और अंततः 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जय स्तम्भ चौक में फांसी दे दी गई, लेकिन शरीर को फांसी मिली, विचारों को नहीं-वे अमर हो गए। आज उनकी कहानियां जन-जन की जुबान पर हैं। ग्राम कोसम सरा से आए समारु बैगा भावुक होकर कहते हैं कि वीर नारायण सिंह ने हमारी पीढ़ियों को मान और गौरव से भर दिया। अंचल में उनके लिए असीम श्रद्धा और सम्मान है। वे लोगों की रग-रग में बसते हैं-साहस बनकर, स्वाभिमान बनकर। (Shaheed Veer Narayan Singh)

यहां उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष तीन दिवसीय वीर मड़ई मेला (शहादत दिवस) का आयोजन होता है, जहां सोनाखान के 18 टोलों समेत सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। ग्राम जोराडबरी रोहासी से आए प्रेम सिंह ध्रुव बताते हैं कि वे अपने परिवार के साथ हर साल यहां आते हैं श्रद्धा के साथ-साथ गौरव की अनुभूति करने। सोनाखान आज भी अपने वीर सपूत के नाम से गर्व और सम्मान से विभूषित है। सरकार इस शहीद स्थल के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। यहां वीर नारायण सिंह के नाम से स्मारक और संग्रहालय का निर्माण किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराता है।

CM Sai in Sonakhan

शहादत दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से 101 करोड़ रुपए के 119 विकास कार्यों का लोकार्पण इस बात का प्रमाण है कि यह पवित्र भूमि केवल स्मृति की नहीं, बल्कि विकास और सम्मान की भी धरोहर है। ललहु माटी आज फिर जीवंत है। हवा में गूंजते नारे, आंखों में सम्मान और दिलों में संकल्प, वीर नारायण सिंह यहां हर जगह मौजूद हैं। वे सोनाखान की मिट्टी में, उसकी सांसों में और छत्तीसगढ़ की चेतना में सदा जीवित हैं। (Shaheed Veer Narayan Singh)

Back to top button
error: Content is protected !!