
SP MP Ram Gopal: समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद पहली बार कश्मीर में लोग आतंकवाद के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आए हैं। दुख की बात है कि आज जब पूरा देश एक है तो भाजपा के कुछ लोग इस पर भी हिंदू मुस्लिम मुद्दा ढूंढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने धर्म देखकर नहीं मारा। हिंदू रोज लोगों को मार रहे हैं। हिंदू-हिंदू को मार रहा है। उन्होंने पूछा हिंदू-हिंदू को मार रहे हैं कि नहीं मार रहे हैं? बनारस में हिंदू लड़की से तमाम लोगों ने रेप किया। लड़की हिंदू थी और लड़के हिंदू थे। कौन सा मुसलमान था?
यह भी पढ़ें:- डोंगरगढ़ में बड़ा हादसा : मां बमलेश्वरी मंदिर के रोपवे ट्राली गिरी, भाजपा नेता हुए घायल
सपा सांसद ने कहा कि जब देश एक हो गया है तो हिंदू-मुस्लिम खड़ा करना ठीक नहीं है। हमले में मुस्लिम भी मारे गए हैं। मुसलमानों ने कई पर्यटकों को बचाने का काम किया है, जो घायल थे, उन्हें अस्पताल पहुंचाया है। सपा सांसद यादव ने कहा कि दुख की बात है कि आज जब पूरा देश एक है तो भाजपा के कुछ लोग इस पर भी हिंदू-मुस्लिम मुद्दा ढूंढ रहे हैं। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, लेकिन अफसोस की बात है कि कुछ लोग इसे भी राजनीतिक फायदा उठाने का जरिया बना रहे हैं। यही वजह है कि देश से आतंकवाद खत्म नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह एक्सप्लेनेशन पर्याप्त नहीं हैं, सभी जानते हैं कि अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है। अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकी गड़बड़ी करते हैं। फोर्स तो वहां बहुत थी, लेकिन वहां से पांच-छह किलोमीटर दूर कुछ नहीं था। (SP MP Ram Gopal)
चूक तो हुई है: सपा सांसद
उन्होंने कहा कि फोर्स होनी चाहिए थी या जाने से रोकना चाहिए था। चूक तो हुई है, लेकिन घटना के बाद पहली बार कश्मीर में सभी लोग सड़क पर उतरे। घटना के खिलाफ इतिहास में पहली बार कश्मीरी भी सड़क पर उतरे हैं। सपा सांसद ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले को इंटेलिजेंस की भारी चूक बताया। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा का बेस कैंप पहलगाम है और यहां हमले के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट नहीं हो पाई। यह गंभीर लापरवाही है। इससे साफ है कि आतंकियों के मन में अब कोई डर नहीं बचा। अगर सरकार में इच्छाशक्ति होती तो अब तक POK के आतंकी अड्डों पर एक्शन हो चुका होता, लेकिन सरकार अब भी मौन है। संसदीय कार्य मंत्री ने इस बात को स्वीकार किया और सभी लोग जानते हैं कि पहलगाम पर्यटकों का पसंदीदा स्थल है। उसके आसपास की घाटियों में बड़े पैमाने पर लोग जाते हैं। (SP MP Ram Gopal)
आतंकी ठिकानों को खत्म करना चाहिए: राम गोपाल यादव
सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि कश्मीर में जितने पर्यटक जाते हैं, उसके 75 फीसदी लोग पहलगाम जाते हैं। सरकार का यह कहना है कि 20 तारीख के बाद जो लोग जाते हैं, उन्हें सूचना देनी चाहिए। इन लोगों ने होटल एजेंसी, पुलिस या सेना को पूरी जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि सपा का रुख स्पष्ट है। अब केवल निंदा नहीं, कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर जरूरत पड़े तो भारत को सेना भेजकर पीओके में चल रहे आतंकी ठिकानों को खत्म करना चाहिए। हम बस बातें करते रहेंगे और आतंकी निर्दोषों की जान लेते रहेंगे। यह अब और नहीं चलेगा। पाकिस्तान से बातचीत का कोई फायदा नहीं है। ये हमला आर्टिकल 370 से नहीं, सीधे पाकिस्तान की साजिश से जुड़ा है। सभी जानते हैं कि आतंकवाद की जड़ वहीं है। अब कूटनीति नहीं, कार्रवाई का वक्त है। (SP MP Ram Gopal)
रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर जताई असहमति
सांसद यादव ने कहा कि मैं रॉबर्ट वाड्रा के बयान से कतई सहमत नहीं हूं। दुख की घड़ी में जब देश एकजुटता की अपेक्षा करता है, तब इस तरह की टिप्पणियां स्थिति को और जटिल बनाती हैं। आतंकियों ने धर्म नहीं देखा, मारे गए हिंदू और मुस्लिम दोनों हैं। इस हमले को सांप्रदायिक रंग देना गलत है। दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा था कि धर्म और राजनीति को अलग होना चाहिए। अगर इसे नहीं रोका गया तो ये जो आतंकी हमला हुआ है, वो होता रहेगा। क्योंकि सबूत है कि उन्होंने ID देखकर गोली मारी। उन्हें मारना है या छोड़ना है, वो कहां से होता है। उनकी सोच है कि मुसलमानों को दबाया जा रहा है। (SP MP Ram Gopal)
अखिलेश यादव ने भाईचारे को लेकर कही बात
समाजवादी पार्टी प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि बहुत दुखद घटना हुई है और इस घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम हैष ऐसी घटना दोबारा न हो, उसके लिए सरकार ने आश्वासन दिया है और हमें उम्मीद है कि ठोस कदम के साथ-साथ ठोस कार्रवाई होगी, जो लोग हमारे देश के भाईचारे को खत्म करना चाहते हैं, ऐसी ताकतों का हमेशा-हमेशा के लिए सफाया कर दिया जाए। इधर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले ने पूरे देश को व्यथित कर दिया है। इस तरह की कायरतापूर्ण हिंसा की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। सरकार और आंध्र प्रदेश के लोग पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुट हैं। हम भारत की सुरक्षा की रक्षा में प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व को अपना पूरा समर्थन देने का संकल्प लेते हैं। (SP MP Ram Gopal)