Google Analytics —— Meta Pixel

Startup India के 10 साल पूरे, पीएम मोदी बोले- ‘युवाओं को खुला आसमान दिया’

Startup India 10 Years : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि Startup India (Startup India 10 Years) की 10 साल की यात्रा केवल एक सरकारी योजना की सफलता नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों के साकार होने की कहानी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को खुला आसमान दिया, जिसका नतीजा आज देश और दुनिया के सामने है।

यह भी पढ़े :- रायपुर में विदेशी युवतियों पर कार्रवाई, पूछताछ के बाद डिटेंशन सेंटर भेजी गईं

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नेशनल स्टार्टअप डे का यह अवसर उन्हें नए और विकसित भारत का भविष्य दिखाता है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब स्टार्टअप को असफलता का रास्ता माना जाता था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 10 साल पहले विज्ञान भवन में 500–700 युवाओं के साथ इस पहल की शुरुआत हुई थी। उस समय स्टार्टअप को लेकर समाज में नकारात्मक सोच थी। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि कैसे एक युवती ने कॉरपोरेट नौकरी छोड़कर स्टार्टअप शुरू करने का निर्णय लिया था, जिसे परिवार ने जोखिम भरा कदम माना। “आज वही सोच बदल चुकी है और विज्ञान भवन से भारत मंडपम तक का सफर इस बदलाव का प्रतीक है,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री ने युवा इनोवेटर्स की सराहना करते हुए कहा कि Startup India आज एक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि 10 साल पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 2 लाख से अधिक हो गए हैं। वहीं 2014 में जहां भारत में केवल 4 यूनिकॉर्न थे, आज यह संख्या बढ़कर करीब 125 सक्रिय यूनिकॉर्न तक पहुंच गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और भारतीय युवा वास्तविक समस्याओं के समाधान पर काम कर रहे हैं। “आने वाले समय में भारत की सफलता की कहानी में हमारे युवा स्वयं एक प्रेरक उदाहरण बनेंगे,” उन्होंने कहा।

Back to top button
error: Content is protected !!