Google Analytics —— Meta Pixel

प्रेमी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवती ने किया हंगामा, पुलिस चौकी में पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी

Surajpur News: सूरजपुर के उमेश्वरपुर पुलिस चौकी में एक युवती ने अपने प्रेमी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। नाराज युवती शोले फिल्म की तर्ज पर एक पेड़ पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। जानकारी के मुताबिक युवती ने पहले ही अपने प्रेमी के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी को लेकर शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज होकर वह सीधे पुलिस चौकी पहुंच गई और विरोध स्वरूप पेड़ पर चढ़ गई।

यह भी पढ़ें:- स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला, आदेश जारी, देखें पूरी लिस्ट 

युवती का कहना था कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वह नीचे नहीं उतरेगी। देखते ही देखते चौकी परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिसकर्मी उसे समझाने में जुट गए। युवती का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने मीडिया के सामने भी अपनी बात रखी कि अगर आरोपी को नहीं पकड़ा गया, तो मैं यहीं से कूद जाऊंगी। करीब तीन घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। आखिर में मामला गंभीर होता देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद युवती पेड़ से नीचे उतरी और स्थिति सामान्य हो सकी। (Surajpur News)

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं, जिस आरोपी को पुलिस फरार बता रही थी, वह कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कैसे हो गया ? क्या दबाव पड़ने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया ? DSP अविनाश पैकरा ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इधर, सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक शख्स ने अपने घर के सामने पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। लोगों का कहना है कि मृतक कर्ज से काफी समय से परेशान चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। (Surajpur News)

Back to top button
error: Content is protected !!