काबुल हमले पर भड़का तालिबान: ‘करारा जवाब’ की चेतावनी, 400 मौतों का दावा
Kabul Attack : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर कथित हवाई हमले (Kabul Attack ) के बाद पाकिस्तान और तालिबान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। तालिबान ने इस हमले को “मानवता के खिलाफ अपराध” बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है, वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है।
यह भी पढ़े :- LPG Crisis : होर्मुज से जंग के बीच भारत की एंट्री, 47,000 टन LPG लेकर पहुंचा ‘नंदा देवी’
तालिबान के कतर स्थित राजनीतिक कार्यालय के प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने दावा किया कि सोमवार रात काबुल में एक बड़े नशा मुक्ति एवं पुनर्वास अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सैन्य कार्रवाई जारी रहती है, तो जवाब भी उसी स्तर पर दिया जाएगा। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पाकिस्तान ने आरोपों को बताया निराधार
पाकिस्तान की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है। सूचना मंत्री अताउल्लाह तारार ने कहा कि पाकिस्तानी वायुसेना ने केवल “आतंकी ठिकानों और सैन्य संरचनाओं” को निशाना बनाया है। उनके अनुसार, कार्रवाई पूरी सटीकता के साथ की गई और किसी नागरिक ढांचे को निशाना नहीं बनाया गया।
सीमा पर बढ़ता तनाव
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पहले से ही संबंध तनावपूर्ण हैं। दोनों देशों के बीच लगभग 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा पर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
वीडियो वायरल, पुष्टि नहीं
सोशल मीडिया पर हमले से जुड़े कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें आग और धुएं के गुबार दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्षेत्रीय हालात भी संवेदनशील
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यह घटनाक्रम क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से और गंभीर हो सकता है। (Kabul Attack )



