तंत्र-मंत्र का मायाजाल! बीजेपी पार्षद से 3.5 लाख की ठगी, नकली नोटों का झोला थमाकर ‘तांत्रिक’ फरार
पैसों की बारिश और 100 गुना रकम का लालच, अनुष्ठान के बहाने उड़ाए लाखों
Chhattisgarh Crimes News : तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला राजधानी रायपुर से सामने आया है। ठक्कर बापा वार्ड के बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे को कथित तांत्रिकों ने पैसों को 100 गुना करने और धनवर्षा का झांसा देकर 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली।
यह भी पढ़े :- बलौदाबाजार में अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का प्रहार, 6 ट्रैक्टर जब्त
आरोपियों ने शातिर तरीके से अनुष्ठान के दौरान नकली नोटों से भरा झोला थमाया और असली नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।
पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में
राहुल भारती (निवासी सुपेला, भिलाई)
मयंक दास (निवासी रिसाली, भिलाई)
शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और पूरी 3.5 लाख रुपये की ठगी की रकम बरामद कर ली है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले सुपेला भिलाई में पार्षद की मुलाकात राहुल भारती से हुई थी। काम की तलाश के बहाने राहुल ने संपर्क बढ़ाया और बाद में अपने साथी मयंक दास को तांत्रिक बताकर पेश किया।
4 फरवरी 2026 से दोनों ने पैसों को 100 गुना करने का झांसा देना शुरू किया।
6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे दोनों आरोपी मंगल बाजार स्थित पार्षद कार्यालय पहुंचे और पूजा-पाठ शुरू कराया। अनुष्ठान के दौरान नकद राशि मांगी गई, जिस पर पार्षद ने 500-500 रुपये के सात बंडलों में कुल 3.5 लाख रुपये सौंप दिए।
पुलिस की अपील
पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार और धनवृद्धि के झांसे में न आएं। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें। मामले की जांच आगे जारी है। (Chhattisgarh Crimes News)



