अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बड़ा दावा, कहा- मैं दखल नहीं देता तो मारे जाते पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ

Trump on Pak PM: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए भारत-पाकिस्तान को लेकर बड़ा और विवादित दावा किया है। स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में ट्रम्प ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा किया है। साथ ही कहा कि अगर उन्होंने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की जान जा सकती थी और दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध छिड़ सकता था, जिसमें लगभग 3.5 करोड़ लोगों की मौत हो जाती। करीब 1 घंटा 50 मिनट के भाषण में ट्रम्प ने कहा कि मैं बीच में नहीं आता तो हालात भयावह हो जाते। पाक PM मारे जाते और करोड़ों लोग परमाणु युद्ध की चपेट में आ जाते। ट्रंप ने कहा कि ये बात शहबाज शरीफ ने खुद उनसे कही। ट्रम्प ने दावा किया कि दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच तनाव अपने चरम पर था।
उन्होंने कहा कि उन्हें पाकिस्तान की ओर से हालात की गंभीरता की जानकारी दी गई थी। ट्रम्प के मुताबिक स्थिति इतनी खतरनाक थी कि व्यापक तबाही तय मानी जा रही थी। हालांकि भारत पहले भी इस तरह के दावों को सिरे से खारिज करता रहा है। भारत ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि दोनों देशों के बीच सभी मुद्दे द्विपक्षीय हैं और किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है। भारत सरकार ट्रम्प के इस तरह के दावों को पूर्व में खारिज करती रही है। अपने भाषण में ट्रम्प ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हालात बेहद संवेदनशील थे। (Trump on Pak PM)
कई सांसदों ने दर्ज कराया विरोध
उन्होंने ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी तो नहीं दी, लेकिन संकेत दिया कि यह सैन्य तनाव के चरम का समय था। भाषण के दौरान डेमोक्रेट सांसदों ने ट्रम्प के कई दावों पर आपत्ति जताई। मिनेसोटा की सांसद इल्हान ओमर समेत कुछ सांसदों ने विरोध दर्ज कराया, जबकि कुछ नेता सदन से बाहर भी चले गए। विश्लेषकों का मानना है कि मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रम्प खुद को वैश्विक संकटों को टालने वाले मजबूत और निर्णायक नेता के रूप में पेश करना चाहते हैं। भारत-पाक परमाणु टकराव टालने और पाक प्रधानमंत्री की जान बचाने का दावा इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। (Trump on Pak PM)



